
अंजलि सिंह राजपूत/ लखनऊ. यूपी की राजधानी लखनऊ के चिड़ियाघर की शान बब्बर शेर पृथ्वी को बचाने के लिए बाहर से डॉक्टरों की टीम मदद करेगी. अब पृथ्वी की जान बचाने में लखनऊ चिड़ियाघर के डॉक्टरों का साथ मथुरा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय के डॉ. आरपी पांडेय और अयोध्या के आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं तकनीकी विश्वविद्यालय के डॉ. जेपी सिंह देंगे. यह दोनों ही विशेषज्ञ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लगातार लखनऊ चिड़ियाघर के डॉक्टरों से पृथ्वी की सेहत में हो रहे बदलाव को लेकर जानकारी ले रहे हैं. साथ ही उसकी जान बचाने के लिए हर संभव सुझाव भी दे रहे हैं.
लखनऊ चिड़ियाघर के उपनिदेशक डॉ. उत्कर्ष शुक्ला ने बताया कि पिछले तीन दिनों से बब्बर शेर पृथ्वी ने खाना नहीं खाया है. शनिवार को उसने पानी तक नहीं पिया. ऐसे में उसकी स्थिति बेहद चिंताजनक लग रही है. बब्बर शेर पृथ्वी की उम्र 17 वर्ष है. अमूमन शेरों में यह आयु बुढ़ापे की ओर संकेत देती है, लिहाजा पृथ्वी अब काफी बुजुर्ग हो चुका है.
दर्शक ढूंढ रहे पृथ्वी को
लखनऊ चिड़ियाघर में 2015 में आए पृथ्वी और वसुंधरा की जोड़ी काफी मशहूर हुई थी. यह चर्चित जोड़ी आज भी लखनऊ चिड़ियाघर की शान बनी हुई है और पूरे चिड़ियाघर में सभी दर्शकों को यह जोड़ी काफी पसंद आती है, लेकिन पिछले तीन दिनों से बब्बर शेर पृथ्वी अपने बाड़े में अपनी संगिनी वसुंधरा के साथ नजर नहीं आ रहा है. इस वजह से चिड़ियाघर पहुंचने वाले दर्शकों को भी निराशा हाथ लग रही है.
बाड़े में अकेली हुई वसुंधरा
पृथ्वी पिछले तीन दिनों से अस्पताल में होने की वजह से इन दिनों उसकी संगिनी वसुंधरा बाड़े में अकेले घूम रही है. उसकी निगाहें भी पृथ्वी को खोज रही हैं. ऐसे में चिड़ियाघर के कीपर लगातार वसुंधरा की भी मॉनिटरिंग कर रहे हैं.
.
Tags: Lion, Local18, Lucknow news, Wildlife news in hindi
FIRST PUBLISHED : June 18, 2023, 12:10 IST






