
नई दिल्ली. राजधानी स्थित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद में मरीजों को रिसर्च आधारित आयुर्वेदिक इलाज दिया जाता है. आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने और गंभीर बीमारियों में भी इसके इलाज का फायदा लोगों तक पहुंचाने के लिए अब एआईआईए गुजरात के जामनगर में बने ग्लोबल इंस्टीट्यूट फॉर ट्रेडिशनल मेडिसिन के साथ मिलकर काम करेगा. जामनगर में बना शोध केंद्र पूरे देश में आयुर्वेद के संदेश का प्रचार भी करेगा. यह जानकारी एआईआईए पहुंचे केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दी.
आयुर्वेद प्राचीन भारतीय प्राकृतिक और चिकित्सा पद्धति है. देश विदेश में इसका जोर शोर से प्रचार हो रहा है. इसी सन्दर्भ में शनिवार को अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान में भारत सरकार के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित कई नेता बीजेपी की विकास तीर्थ यात्रा के लिए पहुंचे थे. यह यात्रा बदरपुर के इको पार्क से शुरू होकर अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान पहुंची थी. यहां पहुंचकर डॉ. एस जयशंकर ने मरीजों से मुलाकात की और आयुर्वेद से जुड़े लोगों का हौसला बढ़या.
इस दौरान डॉ. एस जयशंकर ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने वैश्विक स्तर पर कल्याण की समग्र अवधारणा को बढ़ावा देने के लिए पारंपरिक चिकित्सा के लिए एक वैश्विक केंद्र की स्थापना की सिफारिश की थी. भारत ने इस जिम्मेदारी के महत्व को पहचानते हुए ठोस कदम उठाए और जामनगर, गुजरात में ग्लोबल इंस्टीट्यूट फॉर ट्रेडिशनल मेडिसिन बनाया. जामनगर में शोध केंद्र पूरे देश में आयुर्वेद के संदेश का प्रचार करने के लिए AIIA के साथ मिलकर काम करेगा.
वहीं एआईआईए की निदेशक प्रोफेसर तनूजा नेसरी ने कहा, ‘अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान का उट्घाटन 2017 में प्रधानमंत्री ने किया. इसे आयुर्वेद का एम्स भी कहा जाता है. हम एविडेन्स बेस्ड प्रक्टिसे फॉलो करते हैं. हमने अब तक 54 समझौता ज्ञापन साइन किये हैं. हमारे यहां इन्क्यूबेशन सेंटर है. 2022 में हमारे यहां डब्ल्यूएचओ के डीजी भी हमारे आए थे.’
वहीं मौजूद सांसद रमेश बिधूड़ी ने कहा कि डॉ. जयशंकर की एआईआईए यात्रा आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा के सिद्धांतों को बढ़ावा देने के लिए सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है. एआईआईए भारत में और इसके अलावा और अपनी आधुनिक सुविधाओं के साथ समग्र स्वास्थ्य देखभाल के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, यह उपचार के आयुर्वेदिक तरीकों की तलाश करने वाले लोगों को अत्यधिक लाभ प्रदान करता है.
.
Tags: AIIMS, Aiims delhi, Ayurveda Doctors
FIRST PUBLISHED : June 17, 2023, 18:13 IST






