जीतन राम मांझी को बाहर का रास्ता क्यों देखना पड़ा, आखिरकार नीतीश कुमार ने खुद ही कर दिया खुलासा ?

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी महागठबंधन से अलग हो चुके हैं. केवल औपचारिक ऐलान भर बाकी है. उनके बेटे और बिहार सरकार में मंत्री संतोष कुमार सुमन ने नीतीश कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है. उसके बाद जेडीयू और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर अपनी पार्टी के जेडीयू में विलय कराने के दबाव का आरोप लगाया. इसको लेकर सियासत गर्म थी, लेकिन आज खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस पर अपनी मुहर लगा दी है. जेडीयू कोटे से रत्नेश सदा को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने के बाद नीतीश कुमार ने कहा हमने 2014 में ही जब रिजाइन किया था तो जीतन राम मांझी को मुख्यमंत्री बनाया था लेकिन जीतन राम मांझी बीजेपी के लोगों से मिल रहे थे. हालांकि उसके बाद हमारे यहां आकर भी अपनी बात कह रहे थे कि यह हुआ वह हुआ.

नीतीश कुमार ने कहा क‍ि हमने साफ कर दिया कि आप अपनी पार्टी का जेडीयू में विलय कर दीजिए या फिर हमसे अलग हो जाइए. नीतीश कुमार ने जीतन राम मांझी पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि 23 जून को विपक्षी दलों की बैठक होने वाली है. अगर मांझी यहां होते तो उस मीटिंग के भीतर जो भी होता वह खबर बीजेपी तक पहुंचा देते. इसीलिए हमने तय किया या तो आप हमारे साथ मर्ज कीजिए या फिर अलग हो जाइए.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तरफ से कही गई बातें मांझी के लिए काफी चुभने वाली हैं. इसके अलावा संतोष मांझी जिस समाज से आते हैं उसी मुसहर समाज के रत्नेश सदा को नीतीश कुमार ने अपने मंत्रिमंडल में शामिल किया है. कोशिश है मुसहर समाज को अपने साथ जोड़े रखने की. पर्वत पुरुष दशरथ मांझी के बेटे और दामाद को भी जदयू की सदस्यता दिला कर पार्टी की तरफ से मांझी के अलग होने के चलते होने वाले संभावित नुकसान की भरपाई की कोशिश हो रही है.

हालांकि दूसरी तरफ जीतन राम मांझी की बीजेपी आलाकमान से भी अगले हफ्ते बातचीत होनी है. 19 जून को पटना में हम पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद जीतन राम मांझी और उनके बेटे संतोष सुमन दिल्ली पहुंचेंगे, जहां अमित शाह समेत बीजेपी के बड़े नेताओं से उनकी मुलाकात होगी. माना जा रहा है उस बैठक के बाद मांझी के एनडीए में शामिल होने पर अंतिम मुहर लग जाएगी.

Tags: Bihar News, CM Nitish Kumar, PATNA NEWS

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More