भीलवाड़ा के पशुपालकों को मिलेगा मुआवजा, लम्पी से गोवंश की मौत के बाद मिलेगी सहायता राशि


 रवि पायक/ भीलवाड़ा. भीलवाड़ा जिले के रहने वाले जिन पशुपालकों के गोवंश की लम्पी के चलते अकाल मौत हुई है. उनके लिए एक अच्छी खबर सामने आई है क्योंकि अब पशु पालकों को गोवंश की क्षति के लिए उचित मुआवजा दिया जाएगा. इसके तहत भीलवाड़ा जिले भर के पशुपालकों को लगभग 5 करोड़ 90 लाख 40 हजार रूपये का मुआवजा मिलने वाला हैं. इसको लेकर जिला स्तर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें सभी पशु पालकों को एक साथ मुआवजा राशि दी जाएगी.

पशुपालन विभाग की संयुक्त निदेशक डॉ अल्का गुप्ता ने बताया कि भीलवाड़ा जिले के 1367 पात्र पशुपालकों के 1476 गौवंश की सहायता राशि 5 करोड़ 90 लाख 40 हजार रूपये का मुआवजा सीधा उनके खातों में आएगा. उन्होंने बताया कि पात्र पशुपालकों के प्रति मृत गौवंश पर 40 हजार रूपये की सहायता राशि पशुपालकों के खाते में जमा होगी. इस राशि से पशुपालकों को पशु हानि की भरपाई से पुनः पशुपालन कार्य में सहयोग हो सकेगा. राजस्थान देश का प्रथम राज्य है जो लम्पी रोग से मृत गौवंश के लिए सहायता राशि प्रदान कर रहा है.

लम्पी वायरस को लेकर भी भीलवाड़ा है तैयार
भीलवाड़ा जिले के पास करीब 2 लाख 6000 गोट पॉक्स वैक्सीन उपलब्ध है. गोवंश को टीकाकरण की शुरुआत जिले के गौशालाओं से की गई. वहीं भीलवाड़ा जिले में करीब 11,77 लाख गोवंश और भैंस हैं. इन्हें वैक्सीन लगाई जाएगी. लंपी वायरस वापस आने पर गोशालाओं, छोटी डेयरी व जिले के पशुपालकों को जागरूक किया जा रहा है.

Tags: Bihar News, Hindi news, Local18

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More