मुंबई. बीते दिनों में आपने कई बार साउथ फिल्मों के हिंदी रीमेक देखे होंगे. बेहतर कंटेंट की तलाश में बॉलीवुड के कई फिल्ममेकर्स साउथ फिल्मों के हिंदी रीमेक के राइट्स खरीद रहे हैं. लेकिन ऐसा नहीं है कि सिर्फ साउथ की ही फिल्मों के हिंदी में रीमेक बनते हैं. बेहतर हिंदी फिल्मों के भी रीमेक बने हैं और उन्होंने अच्छी खासी कमाई भी की है. ये सिलसिला आज से नहीं बल्कि कई सालों से चल रहा है. आइए, आज आपको 70 की दशक की हेमा मालिनी (Hema Malini) की एक हिट फिल्म के बारे में बताते हैं, जिनके साउथ में एक नहीं दो रीमेक बने.
रमेश सिप्पी 3 नवम्बर 1972 को फिल्म ‘सीता और गीता’ लेकर आए थे. यह फिल्म दिलीप कुमार की फिल्म ‘राम और श्याम’ से इंस्पायर थी. सलीम जावेद लिखित इस फिल्म में हेमा मालिनी ने डबल रोल निभाया था. हेमा कॅरियर में यह फिल्म मील का पत्थर साबित हुई थी और उन्हें दर्शकों ने खूब प्यार दिया था. सिर्फ 40 लाख के बजट में बनी इस फिल्म ने करीब 20 करोड़ का बिजनेस किया था. फिल्म की आपास सफलता को देखते हुए साउथ में भी इसका रीमेक बना था.
Ganga Manga
Vani Rani
दोनों रीमेक में वनिस्री ने निभाई मुख्य भूमिका
‘सीता और गीता’ का तेलुगू में ‘गंगा मंगा’ नाम से 1973 में रीमेक बना था. वहीं, तमिल में 1974 में ‘वानी रानी’ के नाम से रीमेक बनाया गया था. इन दोनों ही फिल्मों में साउथ इंडस्ट्री की बेहतरीन अभिनेत्री वनिस्री ने मुख्य भूमिका निभाई थी. ‘गंगा मंगा’ में कृष्णा और सोभन बाबू ने वनिस्री के साथ अहम भूमिका अदा की थी. वहीं, ‘वानी रानी’ में वनिस्री के साथ शिवाजी गणेशन और आर. मुथुरमन ने काम किया था.
बता दें कि ‘सीता और गीता’ में हेमा के साथ धर्मेंद्र और संजीव कुमार नजर आए थे. इस फिल्म से इंस्पायर्ड श्रीदेवी की फिल्म ‘चालबाज’ भी आई थी, जो बड़े पर्दे पर सफल रही थी.
.
Tags: Dharmendra, Entertainment Special, Hema malini, South Actress
FIRST PUBLISHED : June 16, 2023, 09:49 IST






