Cyclone Biparjoy: बिपरजॉय की तबाही का मंजर, गुजरात में 22 लोग घायल, पेड़ और खंभे उखड़े, 940 गांव अंधेरे में डूबे

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


गांधीनगर. गुजरात के तटीय इलाकों में गुरुवार की शाम चक्रवाती तूफान बिपरजॉय (Cyclone Biparjoy) के टकराने से भारी तबाही हुई है. तूफान के कारण कम से कम 22 लोग घायल हो गए, जबकि बिजली के खंभे और पेड़ उखड़ गए. इसके अलावा 23 जानवरों की भी मौत हो गई और गुजरात में विभिन्न स्थानों पर तेज हवाओं के कारण 524 से अधिक पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे लगभग 940 गांवों में बिजली की आपूर्ति ठप हो गई. जैसे ही तूफान बिपरजॉय तट से टकराया गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ के तटीय इलाकों में 120 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं और भारी बारिश हुई. कई राहत और बचाव दल अलर्ट पर हैं और हजारों लोगों को गुजरात में सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

गुजरात के राहत आयुक्त आलोक सिंह ने कहा कि साइक्लोन बिपरजॉय के कारण लगभग 22 लोग घायल हो गए हैं. अभी तक किसी के मरने की खबर नहीं है. 23 जानवरों की मौत हो गई है, 524 पेड़ और बिजली के खंभे भी गिर गए हैं, जिससे 940 गांवों में बिजली नहीं है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department-IMD) के मुताबिक गंभीर चक्रवाती तूफान बिपरजॉय आज सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र में नलिया से 30 किमी उत्तर में केंद्रित था. इसके उत्तर पूर्व की ओर बढ़ने और 16 जून की सुबह तक कमजोर पड़ने की उम्मीद है और उसी शाम तक दक्षिण राजस्थान में भारी बारिश होने की उम्मीद है. आईएमडी ने आज गुजरात और राजस्थान में बहुत ज्यादा बारिश को लेकर रेड अलर्ट (Red Alert) जारी किया है.

गौरतलब है कि कई दिनों से अरब सागर के ऊपर बना चक्रवात बिपरजॉय गुजरात के तटीय इलाके में पहुंच चुका है और इससे ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं. पश्चिम रेलवे ने कहा कि गुजरात के बिपरजॉय प्रभावित इलाकों से चलने वाली, आरंभ होने वाली या खत्म होने वाली लगभग 99 ट्रेनें रद्द या कम समय के लिए निलंबित रहेंगी. गुरुवार को गुजरात के तटीय इलाकों में चक्रवात बिपरजॉय के आने के बाद द्वारका में पेड़ उखड़ गए और होर्डिंग्स गिर गए. साइक्लोन बिपरजॉय के मद्देनजर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार सुबह गांधीनगर में स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की.

Tags: Cyclone, Cyclone Biparjoy, Cyclone updates, Gujrat news

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें