सागर में कहर बनकर गिरी आकाशीय बिजली, मामा की मौत, भांजा झुलसा

अनुज गौतम/सागर: सागर रायसेन जिले के बॉर्डर पर स्थित गांव कटंगी में बुधवार दिनभर भीषण गर्मी का प्रकोप रहने के बाद शाम को तेज हवाएं चलीं. आंधी तूफान चला तो गांव के कुछ बच्चे आम बीनने खेत की ओर दौड़े. आम के पेड़ के नीचे पहुंचे और गिरे हुए आम बीनने लगे. इसी दौरान बारिश भी होने लगी. भीगने से बचने के लिए बच्चे पेड़ के नीचे ही खड़े हो गए. तभी गरज चमक के साथ तेज आवाज आई और आकाशीय बिजली गिरी.

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच अस्पताल में संघर्ष कर रहा है. यह दोनों बच्चे रिश्ते में सगे मामा भांजे हैं. घटना में मामा देवेंद्र पटेल की मौत हुई है, जबकि भांजा अंकित पटेल घायल है. अंकित 2 दिन पहले ही नाना नानी के घर आया था. अंकित गढ़ाकोटा का रहने वाला है.

मिली जानकारी के मुताबिक जैसीनगर थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने के बाद उनके परिजन निजी वाहन से दोनों बच्चों को घायल अवस्था में जैसी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. यहां डॉक्टरों ने जांच की तो इनमें से एक बच्चे की सांसें उखड़ चुकी थी और दूसरा संघर्ष कर रहा था. तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद घायल बच्चे को सागर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.

घरवालों को सौंपा शव
जैसीनगर थाना प्रभारी शिवम दुबे ने बताया कि इस घटना में 12 साल के लड़के देवेंद्र पटेल की मौत हुई है, 10 साल का एक दूसरा बच्चा घायल है. मृतक की पंचनामा कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है. थाना प्रभारी ने बिगड़ते मौसम को देखते हुए लोगों से अपील की है कि आप कहीं जा रहे हैं और मौसम खराब हो गया है तो किसी भी परिस्थिति में पेड़ के नीचे बिल्कुल खड़े न हों.

Tags: Local18, Mp news, Sagar news, Thunderstorm

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More