
विनय अग्निहोत्री/भोपाल: रक्तदान महादान है, आप ऐसा करके किसी का अमूल्य जीवन बचा सकते हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि आप हर तीन महीने बाद रक्तदान कर सकते हैं. ऐसा करना फायदेमंद भी होता है. चिकित्सकों का मानना है कि रक्तदान करने से खून में आयरन का स्तर बैलेंस रहता है. यदि खून में आयरन की मात्रा बढ़ जाती है तो हार्ट अटैक सहित अन्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं.
भोपाल के रेड क्रॉस हॉस्पिटल की डॉक्टर दीक्षिका सिमाली का कहना है कि रक्तदान से पहले ये जरूर जांच लें कि आप में हीमोग्लोबिन खुद के लिए पर्याप्त है या नहीं. इसके अलावा खून से जुड़ी कोई बीमारी, हाई ब्लड प्रेशर या डायबिटीज के रोगियों को भी ब्लड डोनेट नहीं करना चाहिए. वहीं हॉस्पिटल में रक्तदान दिवस पर शिविर लगाया गया. इस दौरान युवाओं में रक्तदान के लिए खासा उत्साह देखा गया. युवा स्वप्रेरणा से रक्तदान करने अस्पतालों में पहुंचे, ताकि किसी का अमूल्य जीवन बचा सकें.
रक्तदान से पहले ध्यान रखें यह बातें
डॉ. दिक्षिका का कहना है कि कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है. इसके लिए आपकी उम्र 18 साल से अधिक होनी चाहिए. रक्तदान करने के लिए आपका वजन 45 किलोग्राम से ज्यादा होना चाहिए. अगर शरीर में खून की कमी हो जाए तो व्यक्ति का जीवन खतरे में पड़ सकता है. अगर किसी व्यक्ति को खून की जरूरत हो लेकिन समय पर खून न मिल सके तो उसकी जान भी जा सकती है, इसलिए लोगों से रक्तदान की अपील की जाती है. रक्तदान से किसी जरूरतमंद के लिए रक्त की पूर्ति हो जाती है और एक स्वस्थ व्यक्ति के द्वारा रक्तदान फायदेमंद भी होता है.
.
FIRST PUBLISHED : June 15, 2023, 23:38 IST






