
राजकुमार सिंह/वैशाली. कहते हैं हौसला बुलंद हो तो हर मुश्किल को पार करके आप अपने सपने तक पहुंच ही जाते हैं. ऐसा ही कुछ कर दिखाया है हाजीपुर प्रखंड के सेनेदुआरी गांव निवासी बीएसी एग्रीकल्चर के छात्र 24 वर्षीय श्याम सुंदर कुशवाहा ने.श्याम सुंदरके मन में कुछ अलग करने की तमन्ना शुरू से थी. यही कारण है कि उसने पशुपालन को अपनाया. आज जिला के नंबर वन और बिहार के दूसरा सबसे उत्तम नस्ल का पशुपालन करने वाले किसान में उनकी गिनती होती है.
हर दिन बेचते हैं 150 लीटर दूध
श्याम सुंदर ने बताया कि उसने 27 गिर गाय और इसके अलावा बछिया और एक सांढ खरीदा है. इसमें से 13 गाय दूध देती हैं और अन्य गर्भवती है. एक गाय 12 से 20 लीटर प्रतिदिन दूध देती है. इस तरह से प्रति दिन सुबह-शाम 150 लीटर से अधिक दूध वे बेच लेते हैं.गांव के मिल्क कलेक्शन सेंटर वाले और स्थानीय लोग दरवाजे पर से ही दूध ले जाते हैं. सेंटर पर फैट के अनुसार पैसा दिया जाता है. सेंटर पर 55 से 60 रुपए लीटर दूध की बिक्री की जाती है. जबकि यही खुदरा भाव में 80 से 100 रुपएकिलो बिक्री की जाती है.
300 रुपए का खिलाते हैं चारा
श्याम सुंदर ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान उनके घर भी ढेर सारी समस्या आई थी. इसके बाद उन्होंने नौकरी के बदले आत्मनिर्भर बनने का सोचा. वे कहते हैं की मेरे पूर्वज भी पशुपालन का काम करते थे. इसे ही एक अलग रूप देने का प्रयास किया. पशुपालन से बहुत खुश हैं. एक गिर गाय के चारा में प्रतिदिन औसतन ढाई से तीन सौ रुपया खर्च होता है. जिसमें भूषा 1 किलो, हरा चारा 15 किलो और दाना 5 किलो खिलाया जाता है.
पोषक तत्वों से भरपूर है गिर गाय का दूध
रुडसेट संस्थान के डोमेन स्किल प्रशिक्षक सुधीर कुमार ने बताया कि गिर गाय के दूध में कई तरह के खनिज और पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाया जाता है. जांच में पाया गया है कि इस गाय के दूध में 8 प्रकार के प्रोटीन, 6 तरह के विटामिन, 21 तरह के एमिनो एसिड, 11 तरह के चर्बीयुक्त एसिड, 25 तरह के खनिज तत्त्व, 16 तरह के नाइट्रोजन यौगिक, 4 तरह के फास्फोरस यौगिक, 2 प्रकार की शर्करा पाई जाती है.
गिर गाय के दूध के ये हैं फायदे
गिर नस्ल की गाय के दूध में विटामिन के, ए2, डी, ई, ए2 प्रोटीन और ओमेगा-3 फैटी एसिड होते हैं. ओमेगा -3 फैटी एसिड स्वस्थ वसा प्रदान करते हैं और टाइप 1 मधुमेह और कैंसर की संभावना को कम करते हैं. दूध में सभी नौ अमीनो एसिड होते हैं, जो एक इंसान को स्वस्थ रहने के लिए जरूरी होते हैं.
.
Tags: Bihar News, Local18, Vaishali news
FIRST PUBLISHED : June 15, 2023, 21:27 IST






