
रिपोर्टः रविरमन त्रिपाठी
भिंड. भिंड जिले के एक गांव में बुजुर्ग पति-पत्नी की हत्या कर दी गई. दंपति रात के वक्त घर के बाहर सो रहे थे, सुबह दोनों के खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस के मुताबिक उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या की गई है. घटना के बाद से मृतक दंपति का बड़ा बेटा घर से फरार है, फिलहाल पुलिस शक के आधार पर उसकी तलाश कर रही है.
भिंड जिले के डांग छेकुरी में बुजुर्ग दंपति की हत्या कर दी गई. यहां रहने वाले 65 साल के हरज्ञान सिंह जाटव और उनकी पत्नी रामश्री जाटव (55 वर्ष) अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे. सुबह दोनों के खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई. मामले की सूचना पर थाना प्रभारी उदय भान सिंह यादव, एफएसएल की टीम के साथ मौके पर पहुंचे. मामले की गंभीरता देखते ही तत्काल एसपी मनीष खत्री, एसडीओपी सौरभ कुमार ने पहुंचकर गांववालों और मृतकों के परिवार वालों से मामले की जानकारी ली. बताया जा रहा है कि घटना के वक्त बुजुर्ग दंपति के अलावा उनका बड़ा बेटा मंजेश घर में मौजूद था. घटना के बाद से वह फरार है.
घटना के बाद से फरार है बड़ा बेटा
पुलिस पूछताछ में गांव के लोगों ने बताया बुजुर्ग दंपति का बड़ा बेटा पहले भी उनके साथ एक बार आगजनी और मारपीट की घटना को अंजाम दे चुका है. इसलिए पुलिस को उसी पर शक है. पुलिस हर एंगल से जांच पड़ताल में जुटी हुई है. पुलिस ने पति-पत्नी दोनों के शव बरामद कर हॉस्पिटल भिजवाए. फिर पोस्टमार्टम करवाकर शवों को परिवार वालों के सौंप दिए.
मृतक के बेटे की तलाश कर रही पुलिस
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग दंपति के बडे़ बेटे की पत्नी कुछ समय से उसके छोटे बेटे के साथ दिल्ली में रह रही है. इसी बात को लेकर घर में तनाव था. ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि शायद बेटे ने ही अपने मां-बाप को हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दिया.
.
Tags: Bhind news, Crime News, Mp news
FIRST PUBLISHED : June 15, 2023, 19:18 IST






