
अंजलि सिंह राजपूत/लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पाए जाने वाले आमों का स्वाद पूरे देश भर में फैला हुआ है. ज्यादातर लोगों को उत्तर प्रदेश के ही आम पसंद आते हैं. खास तौर पर दशहरी, बनारसी लंगड़ा, चौसा, हुस्नआरा और लखनऊ का सफेदा आम के लोग दीवाने हैं. उत्तर प्रदेश के आमों के बिना देशभर में होने वाले सभी आम महोत्सव अधूरे माने जाते हैं. अब उत्तर प्रदेश के यही आम न सिर्फ देश बल्कि मॉस्को और रूस में भी धूम मचाएंगे. विदेशी सरजमीं पर भी लोग इन आमों का स्वाद लेंगे.
दरअसल दिशा संगठन की ओर से 7 जुलाई से लेकर 9 जुलाई तक मॉस्को में आम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. इसमें कई भारतीय तो शामिल होंगे ही साथ में मॉस्को के कई बड़े अधिकारी और मंत्री भी इसमें शामिल होंगे. आम जनता के लिए भी यह खुला रहेगा. वहां के लोगों को उत्तर प्रदेश के आमों का स्वाद चखाने के लिए पूरी तैयारियां की जा चुकी है. दिशा संगठन के सीईओ यतेंद्र प्रताप सिंह तोमर ने बताया कि दिशा संगठन भारत सरकार के सहयोग से ही मॉस्को में आम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. तैयारियां जोरों पर चल रही है. उत्तर प्रदेश में पाए जाने वाले विभिन्न प्रकार के आमों को वहां ले जाया जा रहा है.
भारत और मॉस्को के रिश्ते में आएगी मिठास
दिशा के सीईओ यतेंद्र प्रताप सिंह तोमर ने बताया कि आम महोत्सव के जरिए मॉस्को के संबंध भारत से मजबूत होंगे. इनके रिश्तों में मिठास घुलेगी. वहां के लोगों को उत्तर प्रदेश के आम यकीनन बेहद पसंद आएंगे. उत्तर प्रदेश के सभी आमों को वहां पर प्रदर्शित किया जाएगा. ताकि महोत्सव में आने वाले सभी लोगों को उत्तर प्रदेश के एक-एक आम का नाम, उसका स्वाद और उससे जुड़ी सारी जानकारी मिल सके.
.
Tags: Food, Food 18, Local18, Lucknow news, Uttar Pradesh News Hindi
FIRST PUBLISHED : June 15, 2023, 17:50 IST






