देश के ये रेलवे स्‍टेशन देते हैं सबसे शुद्ध खाना! कभी जाएं तो चखना न जरूर, पता तो चले FSSAI का दावा कितना सही

हाइलाइट्स

ईट राइट स्‍टेशन का दर्जा दो साल के लिए दिया जाता है.
अब तक 67 स्‍टेशनों को मिल चुका है यह सम्‍मान.
मध्‍यप्रदेश के सबसे ज्‍यादा स्‍टेशन ईट राइट में शामिल.

नई दिल्‍ली. रेल यात्रा करते वक्‍त आपने भी जरूर रेलवे स्‍टेशन पर खाने-पीने का सामान जरूर लिया होगा. देश के कुछ स्‍टेशनों पर मिलने वाली चीजें तो बहुत फेमस हैं. शायद आपको इनके बारे में पता भी हो. लेकिन, क्‍या आप जानते हैं की देश के किन स्‍टेशनों पर सबसे शुद्ध और पौष्टिक खाने-पीने की चीजें मिलती हैं. जी हां, देश के उन स्‍टेशनों की लिस्‍ट भी बन चुकी है, जहां उच्‍च गुणवत्‍ता की खाद्य सामग्री मिलती है. फिलहाल देश के 67 स्‍टेशन (Eat Right Railway Stations) इस लिस्‍ट में शामिल हैं.

दरअसल, भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (Food Safety and Standards Authority of India-FSSAI) ने देश में ईट राइट अभियान (Eat Right Campaign) की शुरुआत की थी. इस अभियान का मकसद स्वास्थ्य के अनुकूल, शुद्ध व गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है. इस अभियान में रेलवे को भी शामिल किया गया है. एफएसएसएआई रेलवे स्‍टेशनों को कुछ मानकों पर खरा उतरने पर ईट राइट स्‍टेशन का दर्जा देती है. स्‍टेशनों को तीन से पांच तक रेटिंग दी जाती है. यह दर्जा दो साल के लिए दिया जाता है. अभियान की अधिकारिक वेबसाइट eatrightindia.gov.in के अनुसार, इस समय ईट राइट स्‍टेशन का दर्जा 67 रेलवे स्‍टेशनों को हासिल है. मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन फोर स्टार की रेटिंग के साथ देश का पहला ईट राइट स्टेशन बना था.

ये भी पढ़ें-  दिल्ली मेट्रो होगी भारत की पहली रिंग मेट्रो, दुनिया के सबसे बड़े नेटवर्क वाले क्लब में होगी शामिल, किन इलाकों को होगा फायदा?

कैसे मिलता है ईट राइट स्‍टेशन का दर्जा?
इसके लिए एफएसएसआई रेलवे स्‍टेशन का एक थर्ड पार्टी से ऑडिट करवाती है. भोजन की गुणवत्‍ता और स्‍वच्‍छता से संबंधित एफएसएसआई के मानकों के आधार पर स्‍टेशन पर मिलने वाली खाद्य सामग्रियों को परखा जाता है. मानकों पर खरा उतरने वाले स्‍टेशन को ईट राइट स्‍टेशन का दर्जा दिया जाता है. ऑडिट करते वक्‍त यात्रियों की राय भी ली जाती है.

सबसे ज्‍यादा स्‍टेशन मध्‍यप्रदेश के
ईट राइट स्‍टेशन्‍स की सूची में मध्‍यप्रदेश का पहला स्‍थान है. राज्‍य के 18 स्‍टेशनों को ईट राइट स्‍टेशन का दर्जा हासिल है. 7 ईट राइट स्‍टेशनों के साथ राजस्‍थान और देश की राजधानी दिल्‍ली संयुक्‍त रूप से दूसरे स्‍थान पर है. दिल्‍ली का शाहदरा रेलवे स्टेशन, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, नरेला रेलवे स्टेशन, आनंद विहार टर्मिनल, हजरत निजामुद्दीन और ओखला रेलवे स्टेशन इस सूची में शामिल हैं.

देश के सबसे बड़े राज्‍य उत्‍तर प्रदेश के 6 स्‍टेशन को ही ईट राइट स्‍टेशन में शामिल किया गया है. पंजाब और कर्नाटक के पांच-पांच और केरल के चार स्‍टेशनों को ईट राइट स्‍टेशन में रखा है. हरियाणा का कोई रेलवे स्‍टेशन इस सूची में शामिल नहीं है.

Tags: Business news in hindi, Food, Indian railway, Railway, Railway Knowledge, Train

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More