
जोधपुर. राजस्थान (Rajasthan) के जोधपुर (Jodhpur) से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया. यहां इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक रिहायशी इलाके में बम मिला. दरअसल, मजदूक एक मकान का नींव बनाने के लिए खुदाई कर रहे थे. इसी दौरान उनको संदिग्ध चीज मिली. इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई. जांच की गई तो बम की आशंका हुई. इसके बाद एहतियात के तौर पर इलाके को खाली कराया गया.
जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के विवेक विहार थाना क्षेत्र के सांगरिया गांव में आज एक मकान निर्माण के दौरान नींव खुदाई में बम मिलने से हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर विवेक विहार थाना अधिकारी दिलीप खदाव और आर्मी के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. इसके बाद बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया है.
मामले की हो रही जांच
माना जा रहा है कि यह बम 50 से 60 साल पुराना है. भूखंड स्वामी सुमेरलाल गहलोत ने बताया कि उन्होंने सांगरिया गांव पंचायत भवन के सामने की गली में अपने मकान का निर्माण कार्य शुरू किया था. मकान के नींव मुहूर्त और पूजा के बाद नींव की खुदाई शुरू हुई तो चार- पांच फीट नीचे एक बमनुमा वस्तु नजर आई. गौर से देखने पर यह बम नजर आया. इस पर तुरंत ही पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलने के बाद विवेक विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची.
आर्मी के अधिकारियों को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद आर्मी के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे. इसके बाद बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया. बम का वजन करीब 6 किलो 750 ग्राम बताया जा रहा है. माना जा रहा है कि यह बम भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान यहां गिराया गया होगा या किसी कबाड़ समान के साथ किसी कबाड़ी को मिला होगा और उसने यहां पहले कभी फेंक दिया होगा. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
.
Tags: Jodhpur News, Rajasthan news
FIRST PUBLISHED : June 15, 2023, 11:08 IST






