चक्रवात बिपरजॉय तटीय राज्यों में बरपाएगा कहर, दिल्ली-यूपी तक भी होगा कितना असर?

हाइलाइट्स

आज शाम को गुजरात के जखाऊ तट से टकराएगा चक्रवाती तूफान बिपरजॉय.
दिल्ली-एनसीआर व उत्तर प्रदेश के मौसम में बिपरजॉय का कुछ खास असर नहीं.

नई दिल्ली. चक्रवाती तूफान बिपरजॉय गुजरात के तटीय इलाकों की तरफ तेजी से बढ़ रहा है. आईएमडी के मुताबिक आज शाम को गुजरात के जखाऊ तट से बिपरजॉय टकराएगा. इसके चलते 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है. स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वी उत्तर प्रदेश और इससे जुड़े क्षेत्रों पर बना हुआ है. पूर्वी उत्तर प्रदेश पर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से एक उत्तर-दक्षिण ट्रफ छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तरी ओडिशा तक जा रही है.

दिल्ली में हल्की बारिश के आसार
हालांकि चक्रवाती तूफान बिपरजॉय का खास असर दिल्ली और उत्तर प्रदेश पर पड़ता हुआ नजर नहीं आ रहा है. क्योंकि यूपी में कहीं भी बारिश की संभावना नजर नहीं आ रही है. बल्कि लोग तपती गर्मी से बेहाल हैं. वहीं दिल्ली में भी पारा चढ़ता ही जा रहा है. बीते बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर था. स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में हल्की-फुल्की बारिश के आसार नजर आ रहे हैं. आज और कल बहुत हल्की बारिश की संभावना है. लेकिन तटीय राज्यों में चक्रवाती तूफान को लेकर राज्य सरकारें अलर्ट मोड पर हैं.

यह भी पढ़ेंः Biparjoy Cyclone Live: आज गुजरात से टकराएगा ‘बिपरजॉय’ चक्रवात, 74000 से अधिक लोग शिफ्ट, 76 ट्रेनें रद्द

16 जून को बेअसर हो सकता है बिपरजॉय
हालांकि, वास्तविक राहत 17-18 जून के आसपास मिलने की उम्मीद है, जहां कुछ अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है. उस समय के आसपास ही बड़ी राहत की उम्मीद है. हालांकि, उसके बाद 19 जून से मौसम फिर से शुष्क हो जाएगा. स्काईमेट ने बताया है कि दिल्ली, एनसीआर और उत्तराखंड-यूपी सहित कई उत्तर पश्चिम राज्यों में बिपरजॉय का कुछ खास असर नहीं पड़ने वाला है. क्योंकि 16 जून को बिपरजॉय के गुजरात से दक्षिण राजस्थान की तरफ जाते वक्त रफ्तार धीमी पड़ जाएगी और यह बेअसर हो जाएगा.

इस साल देरी से पहुंचा मानसून
दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर पश्चिमी राज्यों में हल्की और मध्यम बारिश की उम्मीद है. हालांकि यह स्पष्ट किया गया है कि यह मानसूनी बारिश नहीं है. यह बिपरजॉय का प्रभाव है, जो इन राज्यों में पड़ सकता है. बता दें कि इस बार देश में मानसून की एंट्री देरी से हुई है. 1 जून को पहुंचने वाला मानसून इस बार 8 जून को केरल पहुंचा है. ऐसे में यह भी संभावना है कि यह उत्तर भारत के राज्यों में देरी से पहुंचेगा.

Tags: Cyclone Biparjoy

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More