112 डायल करने पर बच गई…नहर में डूबते व्यक्ति की जान, जानिए माजरा

कृष्ण बाली/अंबाला: 112 नंबर डायल करते ही पुलिस की एक टीम तुरंत आपकी मदद के लिए पहुंच जाएगी. सरकार ने इसी सोच के साथ डायल 112 की शुरुआत की थी. इसका जीता जागता प्रमाण अंबाला में देखने को मिला है, जहां डायल 112 पर तैनात हेड कांस्टेबल रोहताश ने नहर में गिरे बुजुर्ग की जान बचाई है.

बुधवार सुबह अंबाला की नरवाना ब्रांच में एक बुजुर्ग हाथ धोते हुए गिर गए थे. डायल 112 की टीम को जैसे ही घटना की सूचना मिली, टीम तुरंत मौके पर पहुंची. टीम इंचार्ज रोहताश ने मौके पर पहुंचते ही बुजुर्ग को बचाने के लिए नहर में छलांग मार दी. रोहताश के प्रयासों से बुजुर्ग को समय रहते बचाया गया.

रोहताश की जांबाजी को देखते हुए एसपी अंबाला जशनदीप सिंह रंधावा ने उन्हे प्रशंसा पत्र देते हुए सम्मानित किया. वहीं इसके अलावा एसपी ने बताया की मुख्यमंत्री की ओर से शुरू किए गए ब्रेवरी अवॉर्ड को लेकर भी डायल 112 अंबाला टीम के इंचार्ज रोहताश का नाम भेजा जाएगा.

वहीं नहर में गिरे बुजुर्ग के लिए मसीहा बनकर पहुंचे डायल 112 टीम इंचार्ज रोहताश का कहना है की उन्हें सुबह ही घटना की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही रोहताश घटनास्थल पर पहुंचे और नहर में डूब रहे बुजुर्ग की जान बचाकर अपना फर्ज निभाया. रोहताश की मानें तो वह आने वाले दिनों में भी अपने कर्तव्य को लेकर हमेशा तत्पर रहेंगे.

क्या है डायल 112 नंबर,कैसे मिलेगा लाभ
आपातकालीन स्थिति से बेहतर तरीके से निपटने के लिए देशभर में डायल 112 नंबर की शुरुआत की गई. 112 नंबर डायल करके किसी भी इमरजेंसी सुविधा का लाभ लिया जा सकता है. हरियाणा के साथ-साथ यह नंबर 36 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में 24 घंटे उपलब्ध है. 112 नंबर डायल करके लोग फायर ब्रिगेड, पुलिस, मेडिकल जैसे सुविधाएं ऑन द स्पॉट ले सकते हैं.

Tags: Ambala news, Dial 112 police, Haryana police, Local18

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More