Barabanki Crime News: सुबह शौच के लिए गई थी किशोरी, रेठ नदी में उपलाता मिला शव

अनिरुद्ध शुक्ला/बाराबंकी. उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शौच के लिए गई एक किशोरी का शव नदी से बरामद हुआ. यह मामला देवा कोतवाली इलाके के सरैया गांव के पास का है. यहां पर सुभाष प्रजापति की 13 साल की बेटी सुबह शौच के लिए निकली थी. लेकिन उसके बाद उसका कोई पता नहीं चला. देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. तब उसका शव सरैया गांव के पास रेठ नदी में पाया गया.

नदी में शव उपलाता देख परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी. सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. साथ ही साथ एसपी दिनेश सिंह, एएसपी और सीओ सिटी बीनू सिंह, डॉग स्क्वॉयड और फॉरेंसिक टीम समेत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को नदी से निकलवा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल शव को देखने से लग रहा था कि किशोरी की हत्या गला दबाकर की गई है. मौके पर फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉयड की टीम पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है.

इस मामले में एसपी दिनेश सिंह ने बताया है कि किशोरी का शव नदी से बरामद कर लिया गया है. शव को देख कर लग रहा है कि गला दबाकर हत्या की गई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर छानबीन कर रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि लड़की की मौत डूबने से हुई है या गला दबाकर हत्या की गई है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की जांच होगी. पुलिस बहुत जल्द इस मामले का खुलासा कर देगी.

Tags: Barabanki News, Crime news of up, Local18

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More