Indore : DAVV बनी अखाड़ा! एबीवीपी ने 23 सूत्रीय मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, दी ये चेतावनी

इंदौर. इंदौर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर तले छात्रों ने देवी अहिल्या बाई विश्वविद्यालय का घेराव किया. छात्र सड़क पर उतरे और जमकर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान छात्रों ने अपनी 23 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा है. प्रदर्शनकारियों के बढ़ते आक्रोश को देख सुरक्षा के लिहाज से 6 थानों की पुलिस और क्यूआरएफ की टुकड़ी को तैनात करना पड़ा.

इंदौर में देवी अहिल्या बाई विश्वविद्यालय के बाहर छात्र-छात्राओं ने एबीवीपी के बैनर तले जमकर विरोध प्रदर्शन किया. छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय में चल रही अनियमितता और अव्यवस्था के खिलाफ सड़क पर उतरे थे. इस दौरान इंदौर समेत अलग-अलग जिलों से आए हजारों छात्रों और एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने डीएवीवी आरएनटी मार्ग परिसर का घेराव किया. प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच बैरिकेडिंग हटाने की बात पर धक्का-मुक्की भी हुई.

23 सूत्रीय मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन
एबीवीपी ने इस विरोध प्रदर्शन के दौरान प्राध्यापकों की नियुक्ति, वार्षिक कैलेंडर, विश्वविद्यालय परिसर में नशाखोरी, पेपर आउट मामला, पीएचडी प्रवेश परीक्षा, कॉलेज एफीलिएशन में पारदर्शिता, महंगी शिक्षा, एटीकेटी परीक्षा शुल्क में कमी, रीजनल सेंटर की व्यवस्था दुरुस्त करने जैसी मांग विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने रखी हैं. छात्रों की एटीकेटी फीस में कमी, रीजनल सेंटर की अव्यवस्था, विभागाध्यक्षों के रोटेशन सहित कुल 23 मांगें हैं.

अभाविप ने दी चेतावनी
काफी गहमागहमी के बीच एबीवीपी के पदाधिकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा. इस दौरान सभी मांगों पर विस्तृत चर्चा की गई. एबीवीपी ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गई तो, अगले चरण में कुलपति रेणु जैन से लेकर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव तक से इस्तीफे की मांग की जाएगी. एबीवीपी की मांग पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी पहल की है और कई मांगों के संदर्भ में त्वरित कार्रवाई करने का फैसला लिया है. डीएवीवी प्रशासन जल्द ही कुलपति हेल्पलाइन शुरू करेगा. रीजनल सेंटर के प्रभारियों की बैठक, रिव्यू, रिवैल्युएशन और एटीकेटी की फीस के मामले में भी जल्द निर्णय लेने की बात कही है.

Tags: Akhil Bharatiya Vidyarthi Parishad (ABVP), Indore news, Mp news

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More