
ईशा बिरोरिया/ऋषिकेश. उत्तराखंड स्थित ऋषिकेश को योग राजधानी के नाम से भी जाना जाता है. इस योग राजधानी का गीता भवन (Geeta Bhawan Rishikesh) भी कुछ कम मशहूर नहीं है. 1944 में स्थापित गीता भवन यहां होने वाले प्रवचनों, सत्संग और धार्मिक कार्यों के लिए काफी मशहूर है. जो भी पर्यटक ऋषिकेश आते हैं, वे गीता भवन के दर्शन करना नहीं भूलते. खासकर गर्मी के मौसम में यहां काफी संख्या में लोग आते हैं. ऋषिकेश आने वाले पर्यटक यहां गीता भवन में निःशुल्क रह सकते हैं. आजादी से पहले स्थापित इस स्वर्गाश्रम में यात्रियों की सुविधा के लिए 1000 कमरे उपलब्ध हैं, जो 6 भागों में बंटे हुए हैं.
गीता भवन के सदस्य गौरी शंकर मोहता बताते हैं कि गीता आश्रम एक स्वर्गाश्रम हैं, जिसकी स्थापना देश की आजादी से पहले 1944 में गंगा तट की गई थी. पर्यटक दूर-दूर से यहां प्रवचनों में भाग लेने आते हैं. आनेवाले पर्यटकों की सुविधा के लिए यहां निःशुल्क रहने की सुविधा उपलब्ध है. इस भवन में 1000 कमरे उपलब्ध हैं. साथ ही पर्यटकों के खान-पान के लिए यहां गीता भवन में पूरी मिठाई दुकान के नाम से भोजनालय बने हुए हैं, जहां मात्र 50 रुपये में देसी घी में बना हुआ शुद्ध शाकाहारी भोजन भरपेट परोसा जाता है. वह बताते हैं कि इस आश्रम में प्रातः 5 बजे आरती की जाती है, जिसके बाद 8:30 बजे से लेकर 10:30 बजे तक धर्माचार्यों द्वारा प्रवचन सुनाए जाते हैं. दोपहर 2 से 3 बजे तक रामायण पाठ होता है. वहीं 3 से 4 बजे तक फिर से प्रवचन सुनाए जाते हैं. शाम 5 बजे से 6:30 बजे तक गंगा तट पर महिमिसूत्र पाठ होता हैं. जिसके बाद 8 से 9 बजे तक प्रवचन होते हैं.
अप्रैल, मई और जून में विशेष सत्संग
गौरी शंकर बताते हैं कि किताबों के प्रकाशन का कार्य गीता प्रेस गोरखपुर में होता हैं. इस प्रेस को इस साल 100 वर्ष पूरे हो गए हैं. इन 100 वर्षों में गीता प्रेस करीब एक अरब किताबों का प्रकाशन कर बिक्री करने में सफल रहा है. वह बताते हैं कि अप्रैल, मई और जून के समय गीता भवन में विशेष सत्संग होता है, जिसे सुनने के लिए लोग यहां आते हैं और यहां काफी भीड़ रहती है.
ऐसे करवाएं रजिस्ट्रेशन
गीता भवन में 1000 कमरे उपलब्ध हैं जो 6 भागों में बंटे हुए हैं. यहां रहना निःशुल्क है. अगर आप ऋषिकेश आकर गीता भवन में रहना चाहते हैं और अध्यात्मिक ऊर्जा के साथ लौटना चाहते हैं, तो आपको गीता भवन के कार्यालय पर आकर रजिस्ट्रेशन करवाना होगा. रजिस्ट्रेशन के लिए आपका आईडी प्रूफ लगेगा. जिसके तुरंत बाद आपको कमरा उपलब्ध हो जाएगा. अकेले आने वाले पर्यटक की व्यवस्था एक कॉमन हॉल में की जाती है. वहीं अगर आप अपने परिवार के साथ आते हैं, तो आपको रहने के लिए कमरा मिल जाएगा. गीता भवन का संपर्क नंबर 0135-2430122, 0135-2432792 है. गीता भवन का पता- गीता भवन, गंगापार, पीओ- स्वर्गाश्रम, ऋषिकेश (249304).
.
Tags: Local18, Rishikesh news, Tourist
FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 18:29 IST






