
नई दिल्ली. छोटे-छोटे मुद्दो पर लोग इस कदर उग्र हो जाते हैं कि वो एक दूसरे की जान लेने से भी नहीं चूकते. बेंगलुरु में सामने आई एक घटना के दौरान एक ऑटो ड्राइवर ने किराए को लेकर हुए झगड़े में सवारी की हत्या कर दी. धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर उसने सवारी को मौत के घाट उतार दिया. इतना ही नहीं इस हादसे में मृतक का भाई भी बुरी तरह घायल हो गया. उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
बेंगलुरु पुलिस का कहना है कि आरोपी ऑटो ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है. मृतक की पहचान अहमद के रूप में हुई है. उसके भाई का नाम 26 वर्षीय आयूब है. बताया जा रहा है कि मृतक और उसके भाई ने यशवंतपुर रेलवे स्टेशन जाने के लिए ऑटो किया था. वो मेजेस्टिक एरिया से ऑटो में बैठे थे. सब कुछ ठीक ठाक चल रहा था लेकिन स्टेशन पर उतरते वक्त ऑटो ड्राइवर ने तय रकम से ज्यादा की मांग की.
तय किराए से ज्यादा की मांग की गई
पुलिस के मुताबिक ऐसा करने से अहमद और उसके भाई आयूब ने मना कर दिया. जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच झगड़ा शुरू हो गया. शुरुआत में बात कहासुनी तक रही लेकिन कुछ देर बाद आरोपी ने अपने ऑटो में से एक धारदार हथियार बाहर निकाल लिया. उसने अहमद पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए. इस दौरान भाई को बचाने का प्रयास कर रहे आयूब पर भी चाकू से कई हमले किए गए.
ऑटो ड्राइवर पर कई मामले दर्ज
आनन-फानन में दोनों भाईयों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां अहमद ने दम तोड़ दिया. आयूब की हालत भी काफी गंभीर बनी हुई है. पुलिस का कहना है कि उसका इलाज आईसीयू में चल रहा है. पुलिस ने बताया कि आरोपी ऑटो ड्राइवर के खिलाफ यह कोई पहला आपराधिक मुकदमा नहीं है. वो इसे पहले भी कई अन्य वारदातों में लिप्त रह चुका है.
.
Tags: Bengaluru City, Bengaluru News, Bengaluru police
FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 15:36 IST






