
आशुतोष तिवारी/रीवा. इंसानों की दुश्मनी निभाने की फिदरत से तो सभी वाकिफ हैं. दो लोगों और गुटों के बीच हुए झगड़े की खबरें भी आपने कई बार पढ़ीं और सुनी होंगी. लेकिन क्या कोई इंसान कुत्ते को अपना जानी दुश्मन बना ले और अपनी दुश्मनी की आग बुझाने के लिए उसकी गोली मार कर हत्या कर दे. सुन कर अजीब लगेगा, मगर यह सच है.
मध्य प्रदेश के रीवा में ऐसा ही कुछ हुआ है. जहां एक शख्स पालतू कुत्ते से दुश्मनी कर बैठा और कई लोगों की मौजूदगी में गोली मार कर कुत्ते को मौत की नीद सुला दी. घटना जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरी गांव की है. कुत्ते को गोली मारने वाले युवक का नाम प्रिंस मिश्रा है.
मिली जानकारी के मुताबिक, कुत्ते के मालिक ने बताया कि प्रिंस मिश्रा अधिकांश रात के समय हमारे घर के पास से गुजरता था, जिसको देख कर कुत्ता भौंकता था. प्रिंस मिश्रा ने पूर्व में कई बार व्हाट्सएप चैटिंग के माध्यम से चेतावनी भी दी थी कि अपने कुत्ते को समझा लें, लेकिन मंगलवार को मामला इतना बढ़ गया कि शाम ढलते ही प्रिंस अपने घर से बंदूक ले कर आया, और कई लोगों की मौजूदगी में बेजुबान जानवर को गोली मार दी.
मृतक कुत्ते के मालिक ने उसके हत्यारे पर चोरी का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि उसने हमारे फार्म में कई बार चोरी की नीयत से घुसने का प्रयास किया था, लेकिन कुत्ते ने उसके मंसूबे को नाकाम कर दिया. युवक का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, इसलिए वो हमेशा रात्रि के समय बाहर निकलता था. वो कई बार धमकी भी दे चुका था.
डायल 100 को सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. डॉक्टरों की टीम भी वहां पहुंची, लेकिन इलाज के दौरान कुत्ते की मौत हो गई. एसडीओपी नवीन तिवारी ने बताया कि कुत्ते के मालिक की शिकायत पर पुलिस जांच कर रही है. जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.
.
Tags: Crime News, Dog, Local18, Mp news, Rewa News
FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 13:05 IST






