अंधविश्वास! बीमार महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे लोग…फिर कार में गाने लगे गाना, Video वायरल

गुलशन कश्यप/जमुई. 21वीं सदी में भले ही चिकित्सा और विज्ञान नित नई ऊंचाइयों को छू रहा हो, लेकिन आज भी कई ऐसे लोग हैं जो डॉक्टरी इलाज से ज्यादा झाड़-फूंक को तवज्जो देते हैं. ऐसा ही वाकसा जमुई सदर अस्पताल में भी देखने को मिला. यहां उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अस्पताल में अचानक अंधविश्वास की पराकाष्ठा सामने आई.

दरअसल, सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के सामने एक कार आकर रुकी. कुछ लोग उससे उतरे और कार को घेरकर खड़े हो गए. फिर थोड़ी देर बाद एक व्यक्ति गीत गाने लगा और एक महिला की झाड़ फूंक करने लगा. देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई. किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है.

अस्पताल में चलता रहा अंधविश्वास का खेल
जानकारी के अनुसार, जमुई के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है. जहां दिग्घी गांव निवासी छोटकू यादव की पत्नी सुनीता देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई. सुनीता बार-बार बेहोश हो रही थी, जिसके बाद उसके परिजनों को लगा कि उसे किसी सांप ने काट लिया है. सांप काटने की आशंका के बाद पहले गांव में ही स्थानीय तांत्रिक से उसका झाड़-फूंक करवाया गया, लेकिन इसके बावजूद जब महिला की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तब उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया.

अस्पताल में भी झाड़ फूंक
फिर सदर अस्पताल में जो हुआ उसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी. दरअसल, परिजन सुनीता देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उनके द्वारा उसे वार्ड में भर्ती नहीं कराया गया. सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के सामने कार में ही तांत्रिक के द्वारा सुनीता देवी का झाड़-फूंक कराया जाने लगा. इस दौरान आस-पास के लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई.

सुधार नहीं हुआ तब कराया भर्ती
लगभग 15 मिनट तक सदर अस्पताल परिसर के बीचोबीच यह ड्रामा चलता रहा. लेकिन जब महिला की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ, तब परिजन उसे सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ले गए, जहां उसे भर्ती कराया गया. महिला का इलाज शुरू कर दिया गया है. अस्पताल परिसर में हुई इस घटना को लोगों ने मोबाइल से रिकॉर्ड कर दिया और अब वह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.

डॉक्टरों पर भरोसा करें लोग
वहीं सदर अस्पताल के प्रबंधक रमेश पांडेय ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और इस तरह से अस्पताल परिसर में अंधविश्वास को बढ़ावा देना कहीं से भी सही नहीं है. बताया कि सरकार द्वारा चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई सारी योजनाएं चलाई गई हैं और अस्पतालों को सुदृढ़ किया गया है. लोगों को उन पर भरोसा जताना चाहिए, जिससे लोगों की जान बचाई जा सके.

.

FIRST PUBLISHED : June 13, 2023, 22:24 IST

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More