Pilibhit News: तेंदुआ का शव मिलने से वन विभाग में मची खलबली, वन विभाग कराएगा पोस्टमार्टम


सृजित अवस्थी/पीलीभीत: बीते कुछ दिनों से बाघों की मौत के बाद दुधवा टाइगर रिज़र्व सुर्ख़ियों में था. इसी बीच पीलीभीत टाइगर रिज़र्व के जंगल से सटे खेत में तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग में खलबली मच गई है. तेंदुए की मौत का कारण जानने के लिए वन विभाग के टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.बीते कुछ दिनों से तराई के जंगलों में वन्यजीवों की मौत के तमाम मामले सामने आ रहे हैं. एक तरफ बीते 10 दिनों में ही लखीमपुर जिले में स्थित दुधवा के जंगलों में 4 बाघ और 1 तेंदुए की मौत के बाद हड़कंप मचा हुआ है. वहीं इसी बीच अब पीलीभीत में खेत में तेंदुए का शव मिलने के बाद वन विभाग के हाथ-पांव फूल गए हैं.

दरअसल पूरा मामला पीलीभीत टाइगर रिजर्व की माला रेंज से सटे बैजूनगर गांव के पास का है. यह गांव जंगल की सीमा पर ही स्थित है. जंगल से महज कुछ मीटर की दूरी पर रामदुलारे नाम के किसान का एक खेत है. यह खेत गेहूं की कटाई के बाद से ही ख़ाली पड़ा है. आज सुबह ग्रामीणों की नज़र जब उस खेत पर पड़ी तो उन्हें तेंदुए का शव दिखाई दिया. ग्रामीणों ने फ़ोन पूरे मामले की सूचना वन विभाग को दी. वन विभाग की टीमों ने घटनास्थल व शव का निरीक्षण किया. वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक तेंदुए के शव पर कोई भी चोट के निशान नहीं है. ऐसे में पोस्टमार्टम के बाद ही तेंदुए की मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा.

19 दिन पहले एक और तेंदुए ने तोड़ा था दम
आज की घटना से ठीक 19 पहले इसी रेंज से सटे एक गांव में एक और तेंदुए ने अपना दम तोड़ा था. माला रेंज से सटे गांव महुआ में एक तेंदुए ने कुछ ग्रामीणों पर हमला किया था. जिसके बाद से ही वह झाड़ी में छिप गया था और वन विभाग की टीमें उसकी निगरानी में लगी थीं. लेकिन शाम होते होते तेंदुए ने हरकत करना बन्द कर दिया था. जब विभाग की टीम ने नज़दीक जाकर मामले की तस्दीक़ की. तो तेंदुआ मृत अवस्था में खेत में पड़ा था.

Tags: Local18, Pilibhit news, Uttar Pradesh News Hindi

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More