Darbhanga Weather: दरभंगा में बदला मौसम! एक घंटे की बारिश ने प्रचंड गर्मी से दी राहत

अभिनव कुमार/दरभंगा. जिले में देर शाम झमाझम बारिश ने लोगों को सुकून दिया. इस प्रचंड गर्मी से लोगों ने राहत भरी सांस ली है. मंगलवार की देर शाम आखिरकार दरभंगा में भी मानसून ने दस्तक दे दी. पहले तो तेज हवा चली उसके बाद बारिश होने लगी. मिथिला वासियों ने इस मानसून का दिल खोलकर स्वागत किया है.

गौरतलब है कि इस प्रचंड गर्मी के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया था. शहर से लेकर ग्रामीण स्तर तक जल संकट गहरा गई थी, लोग घर से बाहर निकलने में भी परहेज कर रहे थे. मानों सड़कों पर आग बरस रही हो, लेकिन मानसून की इस दस्तक ने लोगों को राहत भरी एहसास दी है.

1 घंटे जमकर हुई बारिश
मानसून के केरल में प्रवेश होने के बाद बिहार में इसका बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था. बिहार में हीट वेव और लू विगत कई दिनों से चल रही थी. बिहार के कई हिस्सों में तापमान 42 डिग्री से ऊपर पहुंच गया था. लोग गर्मी से त्राहिमाम कर रहे थे और मानसून की ओर टकटकी लगाए थे. ऐसे में दरभंगा में मंगलवार देर शाम बारिश ने लोगों को हल्की राहत जरूर दी. बता दें कि दरभंगा में 1 घंटे जमकर बारिश हुई.

2 से 3 दिनों बाद भी रहेगी हीटवेव की स्थिति
पूसा मौसम विभाग के मौसम वैज्ञानिक डॉ.गुलाब सिंह ने बताया कि विभाग के द्वारा 14 से 18 जून तक पूर्वानुमान जारी किया गया है. इसके मुताबिक उत्तर बिहार के जिलों में आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रह सकते हैं. 12 जून को मानसून बिहार के उत्तरी पूर्वी हिस्सों में प्रवेश कर चुका है. वहीं अगले 2 से 3 दिनों में उत्तर बिहार के सभी जिलों में सक्रिय हो सकता है.

अच्छी वर्षा की संभावना नहीं
आगे बताया कि अच्छी वर्षा की संभावना नहीं है. अनेक स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है. इसके बावजूद भी हीटवेव की स्थिति अगले 2 से 3 दिनों तक बनी रह सकती है. अनुमानित अवधि में 10 से 14 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछुआ हवा चलने की संभावना मौसम विभाग के द्वारा जताई गई है.

.

FIRST PUBLISHED : June 13, 2023, 20:21 IST

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More