जेलेंस्की के गृहनगर में पुतिन ने दागीं मिसाइलें, 6 की मौत, कई मलबे में दबे, यूक्रेन बोला- ये जनता के खिलाफ रूस की जंग

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


कीव. रूस और यूक्रेन युद्ध के बीच तबाही की तस्वीरें लगातार सामने आ रही हैं. यूक्रेन के क्रिवयी रीह शहर में रिहाइशी इमारतों में रूसी मिसाइल हमलों में कम से कम छह लोग मारे गए, वहीं मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है. क्रिवयी रीह जेलेंस्की का गृहनगर है. दिप्रोपेत्रोव्स्क के गवर्नर सेरहिये लेसाक ने सोशल मीडिया मंच टेलीग्राम पोस्ट में कहा कि पांच मंजिला रिहायशी इमारत पर मंगलवार तड़के हमला हुआ और इलाके में आग लग गई.

इस हमले की शुरुआत में 3 लोगों के मारे जाने की खबर थी, बाद में क्रिवयी रीह के मेयर ओलेक्सैंडर सिरस्की ने सोशल मीडिया मंच पर बताया कि मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है. सात लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है. अधिकारियों ने प्रारंभ में कहा था कि करीब 24 लोग घायल हुए हैं. राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के गृहनगर में यूक्रेन पर रूस के हमले में रक्तपात की यह ताजा घटना है. जेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच टेलीग्राम पर कुछ तस्वीरें साझा की हैं जिसमें दमकलकर्मी आग को बुझाने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं.

जेलेंस्की ने कहा, रूस आम लोगों के खिलाफ लड़ रहा युद्ध
जेलेंस्की ने लिखा, ‘‘आतंकवादियों की और मिसाइलें. रूसी हत्यारे रिहाइशी इमारतों, शहरों और आम लोगों के खिलाफ युद्ध जारी रखे हुए हैं.’’ देश के जमीनी सैनिकों के कमांडर ने मंगलवार की सुबह कहा कि यूक्रेनी सेना बखमुत के बाहर आगे बढ़ रही हैं. ओलेक्सैंडर सिरस्की ने टेलीग्राम पोस्ट में कहा कि रूसी सेनाएं अपना प्रभाव खो रही हैं. मास्को ने पिछले माह बखमुत शहर पर कब्जा कर लिया था.

ईरान निर्मित शहीद ड्रोनों से हमला किया गया
स्थानीय गवर्नर ओलेही साइनिहुबोव ने टेलीग्राम पर कहा कि यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव पर ईरान निर्मित शहीद ड्रोनों से हमला किया गया और आसपास के इलाकों में गोले दागे गए. उन्होंने बताया कि गोलाबारी में खारकीव के दक्षिणपूर्वी शहर शेव्चोन्कोव में दो नागरिक घायल हो गए. खारकीव के मेयर इहोर तेरेखोव ने मंगलवार को तड़के सूचना दी कि ड्रोन हमले में शहर के उत्तर पूर्व में स्थित एक गोदाम तथा एक व्यवसाय केंद्र क्षतिग्रस्त हो गए.

रूसी सेना के पीछे हटने का दावा
इससे पहले यूक्रेन के सैन्य अधिकारियों ने सोमवार को कहा था कि उनके सैनिकों ने दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र में एक और गांव को रूसी सेना से वापस ले लिया है. उप रक्षा मंत्री हन्ना मालियार ने टेलीग्राम पर लिखा कि स्तोरोजोव गांव के ऊपर यूक्रेन का झंडा पुन: लहरा रहा है. उन्होंने कहा कि बीते सप्ताह पूर्वी यूक्रेन में 90 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र के सात गांवों पर यूक्रेनी बलों ने पुन: नियंत्रण स्थापित कर लिया है. उन्होंने जोर दिया कि अंतत: यूक्रेन की सभी भूमि को मुक्त करा लिया जाएगा.

इन गांव में रूस का प्रभाव घटा
इससे एक दिन पहले, यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा था कि पूर्वी दोनेत्स्क क्षेत्र में वेलिका नोवोसिल्के शहर के दक्षिण में स्थित तीन छोटे गांवों को रूसी सेना से मुक्त करा लिया गया है. रूसी रक्षा मंत्रालय ने उन गांवों से अपने सैनिकों के पीछे हटने की पुष्टि नहीं की है, लेकिन कुछ सैन्य ब्लॉगर ने स्वीकार किया है कि उन गांवों पर अब रूसी नियंत्रण नहीं है.

Tags: Russia ukraine war, Vladimir Putin, Volodymyr Zelensky

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें