
अभिलाष मिश्रा/इंदौर. मिनी मुंबई कहलाने वाला इंदौर अपने खानपान के लिए भी जाना जाता है. हर व्यंजन की आपको कई वैरायटी मिल जाएंगी. इंदौर में पराठा काफी पसंद किया जाता है. यहां पराठे की ढेरों वैरायटी मिलती हैं, लेकिन इंदौर के पंडित जी के पराठे की बात ही निराली है. कुछ लोग इन पराठों के स्वाद को दिल्ली से भी बेहतर बताते हैं. दुकान के संचालक का कहना है कि दिल्ली में पराठे तले जाते हैं, लेकिन हमारी दुकान में पराठे सेके जाते हैं.
पंडित जी के पराठे अपने स्वाद और वैरायटी के लिएमशहूर है. यह दुकान काफी पुरानी है. दुकान के संचालक राकेश पुरोहित ने बताया कि इंदौर में सबसे पुरानी पराठे की दुकान हमारी ही है, जिसे हमारे पिताजी ने शुरू किया था. गीता भवन एरिया में यह दुकान हमारे पिताजी ने 1968 में शुरू की थी. पहले तो हम चाय, पोहे और सैंडविच बेचते थे, लेकिन पराठे हम लगभग पिछले 35 सालों से बना रहे हैं.
इंदौर शिक्षा के हब के रूप में विकसित होने के बाद से स्टूडेंट्स का हमारी दुकान पर आना बढ़ गया. वे रोटी सब्जी खाने के लिए डिमांड करते थे. इसके बाद हमने पूरी तरह से पराठे पर ही फोकस कर दिया. वर्तमान समय में इंदौर के अंदर हमारी तीन दुकानें हैं. गीता भवन, जेल रोड और भवर कुआं में ये दुकानें स्थित हैं. पहले हम केवल आलू के पराठे बनाते थे. फिर धीरे-धीरे लोगों की डिमांड पर पनीर पराठा, चीज पराठा, प्याज पराठा भी बनाने लगे.
उन्होंने बताया कि सेव पराठे सबसे पहले हमारे द्वारा ही बनाया गया. लोग भिन्न-भिन्न टेस्ट मांगते थे. तब हमारे दिमाग में आईडिया आया कि सेव पराठा भी बनाया जा सकता है. उन्होंने बताया कि दूर दूर से लोग हमारी दुकान के पराठे खाने आते हैं. साथ ही बहुत से ऐसे भी लोग हैं जो पराठे को पैक करवा कर ले जाते हैं. स्वाद के साथ साथ हमारा व्यवहार भी हमारे ग्राहकों को काफी पसंद आता है. हमारी दुकान में पराठा 10 रुपए से शुरू होता है. अलग-अलग वैरायटी केअलग-अलग रेट हैं.
.
FIRST PUBLISHED : June 13, 2023, 17:43 IST






