
पीयूष शर्मा, मुरादाबाद. मुरादाबाद के थाना छजलैट इलाके में एक होमगार्ड ने अपने साथी के साथ मिलकर घर में घुसकर महिला पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर लहूलुहान कर दिया. महिला को बचाने आए पड़ोसी पर भी होमगार्ड ने हमला कर उसका कान काटकर घायल कर दिया. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया. घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल पूजा और दीपक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है. साथ ही आरोपी होमगार्ड और उसके साथी की तलाश शुरू कर दी है.
छजलैट थाना क्षेत्र के ग्राम फत्तेहपुर विश्नोई गांव में रहने वाली पीड़िता पूजा का आरोप है कि आरोपी होमगार्ड उसके पति की मौत के बाद से ही उस पर बुरी नज़र रखता है. पहले भी वो कई बार छेड़खानी की घटना को अंजाम दे चुका है. पीड़ित महिला का कहना है उसने कई बार शिकायत की लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई. आज रात भी करीब 10 बजे वो बरामदे में अपने दोनों बच्चों के साथ चारपाई पर लेटी ही थी कि तभी आरोपी हॉमगार्ड अपने एक साथी के साथ दीवार कूदकर घर में घुस आया.
कूदने की आवाज़ सुनकर पूजा ने जैसे ही शोर किया तभी आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया. पूजा ने बचाव में हाथ आगे किया तो उसके हाथ की उंगली काट गई. पूजा का शोर सुनकर उसे बचाने आए पड़ोसी के ऊपर भी आरोपियों ने हमला कर दिया. हमले में पड़ोसी दीपक का कान कट गया.
पीड़िता बोली- पुलिस नहीं लेती एक्शन
पूजा के पति की 6 साल पहले कैंसर के चलते मौत हो चुकी है. पति की मौत के बाद से ही पूजा अपने दोनो बच्चों के साथ गांव में अकेले रहती है. पूजा का कहना है कि पड़ोस के गांव खलीलपुर का रहने वाला होमगार्ड महेश उस पर बुरी नजर रखता है. कुछ समय पहले जब वो फैक्ट्री में काम करती थी, तो भी वो उसे रास्ते में आते-जाते परेशान करता था. पूजा का आरोप है कि इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है.
पूजा का आरोप है कि अगर पहले हुई घटना में पुलिस ने एक्शन लिया होता तो होमगार्ड की इतनी हिम्मत नहीं बढ़ती. उसने पहले भी पुलिस से महेश की हरकतों की शिकायत की थी. लेकिन उस वक्त पुलिस ने समझौता करा दिया था.
.
Tags: Moradabad News, UP police, Uttar pradesh news
FIRST PUBLISHED : June 13, 2023, 16:45 IST






