
शाश्वत सिंह/झांसी/दतिया. मध्य प्रदेश के दतिया स्थित पंडोखर सरकार धाम आज पूरे देश में आस्था के एक बड़े केंद्र के रूप में जाना जाता है. देश के हर कोने से लोग अपनी अर्जियां लेकर यहां पहुंचते हैं. वहीं, अधिकतर मंदिरों या फिर आश्रम में देखा जाता है कि भक्त पीपल के पेड़ पर रक्षा सूत्र बांधने के साथ मन्नत मांगते हैं. वहीं, पंडोखर सरकार धाम में एक ऐसा नीम का पेड़ है, जहां लोग रक्षा सूत्र से अधिक किसी के पहने हुए कपड़े बांधते हैं.
ऐसी मान्यता है कि अगर आपके घर का कोई सदस्य और खासकर बच्चा खो गया है, तो नीम के इस पेड़ पर उस व्यक्ति या बच्चे के पहने हुए कपड़े बांध देने से वह जल्दी मिल जाता है. पेड़ पर आज भी कई कपड़े बंधे हुए दिखाई देते हैं. इसमें से अधिकतर कपड़े किसी बच्चे के ही होते हैं. पंडोखर धाम में आए एक भक्तों न बताया कि उनके रिश्तेदार का बच्चा खो गया था. बहुत ढूंढने पर भी जब बच्चा नहीं मिला तो उन्होंने यहां कपड़ा बांधा. इसके बाद 48 घंटे के अंदर ही बच्चा मिल गया था.
पहना कपड़ा बांधने से होता है चमत्कार
पंडोखर सरकार धाम के पुजारी श्याम जी तिवारी ने बताया कि जब से धाम की स्थापना हुई है तब से यह नीम का पेड़ यहां स्थित है. लोग इसे नीम वाले बाबा कहते हैं. अगर किसी व्यक्ति के परिवार का कोई सदस्य खो गया है और जीवित है तो यहां उनके पहने हुए कपड़े बांधने से वह व्यक्ति जरूर मिल जाता है. साथ ही बताया कि यहां सिर्फ कपड़ा बांधना होता है. इसके अलावा कुछ बताने की जरूरत नहीं होती. पंडोखर सरकार की कृपा से वह व्यक्ति मिल जाता है.
.
FIRST PUBLISHED : June 12, 2023, 11:48 IST






