
जयपुर. मरुस्थली प्रदेश राजस्थान में मौसम में मिजाज में लगातार परिवर्तन हो रहा है. फिलहाल प्रदेश के अधिकांश जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर है. इसके चलते लोगों को लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ रहा है. धूप निकलते ही शहर से लेकर गांवों तक में कर्फ्यू जैसे नजारे दिखने लगते हैं. भीषण गर्मी के चलते लोगा जरूरी होने पर ही घरों से निकलते हैं. इन सबके बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजस्थान में मौसम के मिजाज को लेकर ताजा अपडेट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, अरब सागर में उठे चक्रवाती तूफान का असर राजस्थान में भी देखने को मिलेगा. इसके चलते तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. बता दें कि पश्चिमी विक्षोभ के लगातार सक्रिय होने के चलते राजस्थान में गर्मी के अब तक के सीजन में अच्छी-खासी बारिश दर्ज की गई है.
अरब सागर में उठा चक्रवाती तूफान बिपरजॉय बेहद ही खतरनाक और गंभीर श्रेणी में तब्दील हो चुका है. इसके रौद्र रूप को देखते हुए मौसम विज्ञानियों ने व्यापक प्रभाव पड़ने की आशंका जताई है. मौसम विभाग की मानें तो चक्रवाती तूफान बिपरजॉय से राजस्थान भी अछूता नहीं रहेगा. इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है. राजस्थान वासियों को फिलहाल लू जैसे हालात का सामना करना पड़ रहा है. तकरीबन सभी जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है. लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन आईएमडी के पूर्वानुमनों की मानें तो अगले कुछ दिनों में चक्रवाती तूफान के चलते प्रदेश के मौसम में बदलाव होने की प्रबल संभावना है.
Rajasthan Weather News: गर्म हवा के थपेड़ों के बाद राजस्थान में फिर बारिश के आसार, चलेंगी तेज हवाएं
10 डिग्री तक गिर सकता है तापमान
मौसम विभाग ने चक्रवाती तूफान बिपरजॉय का राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में व्यापक प्रभाव पड़ने की संभावना जताई है. इससे गर्मी से झुलस रहे राजस्थान वासियों को राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विज्ञानियों ने तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना जताई है. तेज हवा के साथ मध्यम से तेज दर्जे की बारिश होने के आसार भी जताए गए हैं. इस बार गर्मी के सीजन में अभी तक राजस्थान में अच्छी-खासी बारिश रिकॉर्ड की गई है.
16-17 जून को दिखेगा असर
जयपुर स्थित मौसम केंद्र के विशेषज्ञों ने बताया कि राजस्थान में सिस्टम का सर्वाधिक असर 16-17 जून को देखने को मिलेगा. 16 जून को चक्रवाती तूफान डीप डिप्रेशन में बदल जाएगा. इसके असर से 14 जून से जोधपुर-उदयपुर संभाग के जिलों में आंधी-बारिश शुरू हो सकती है. 16-17 जून को इसका क्षेत्र बढ़ेगा, साथ ही सिस्टम की तीव्रता भी बढ़ेगी. अभी तक के पूर्वानुमान के अनुसार कुछ स्थान पर भारी बारिश भी हो सकती है. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.






