गोड्डा में मशहूर है ‘भिखमंगा चौक’, कभी रखा गया था नेहरु चौक, जानिए नाम के पीछे की रोचक कहानी

आदित्य आनंद / गोड्डा. गोड्डा के पुराने समाहरणालय से सटे दाई ओर स्थित नेहरू चौक जिले भर में भिखमंगा चौक के नाम से मशहूर है. यह चौक गोड्डा के मुख्य चौक के समीप है. जिसके आस-पास जिला शिक्षा विभाग कार्यालय, गोड्डा का गांधी मैदान, मेला मैदान, सूचना जनसंपर्क कार्यालय और नगर परिषद कार्यालय भी मौजूद है. वहीं इस चौक से कुछ ही कदम की दूरी पर कई कार्यालय होने की वजह से हमेशा लोगों की भीड़ इस चौक पर लगी रहती है.

शेख भिखारी के नाम पर पड़ा था नाम

कई दशकों से इस चौक को भिखमंगा चौक कहा जाता है. जो सुनने में थोड़ा अटपटा जरूर लगता है. लेकिन इस रोचक नाम के पीछे भी कई कहानी हैं. गोड्डा के स्थानीय निवासी सुरजीत झा बताते हैं कि कई दशकों पहले इस चौक का नाम झारखंड के वीर सपूत शेख भिखारी के नाम पर भिखारी चौक रखा गया था, लेकिन धीरे-धीरे लोग इस चौक को भिखमंगा चौक कहने लगे.

इसके साथ भिखमंगा चौक के नाम के पीछे एक और वजह यह थी कि आस पास कई कार्यालय होने की वजह से इस चौक पर स्थित चाय दुकान में सभी प्रकार के लोगों की भीड़ लगती थी. जिसमें कई दलाल और एजेंट टाइप के लोग यहां चाय पीने आते थे और आम लोगों का काम कराने के नाम पर पैसे लेते थे. जिस वजह से लोगों ने इस चौक का नाम भिखमंगा चौक रख दिया था. आज तक इस चौक को भिखमंगा चौक के नाम से जाना जाता है.

बदलकर नेहरु जी के नाम पर रखा था नाम

कमल चाय दुकान के संचालक कमल कुमार ने बताया कि भिखमंगा चौक के नाम को बदलने के लिए जिला प्रशासन ने यहां कई वर्षों पहले नेहरु जी की प्रतिमा लगाई और इस चौक का नाम नेहरू चौक रखा गया था. फिर भी लोग भिखमंगा चौक ही बोलते हैं. इस चौक में नेहरू जी की प्रतिमा स्थापित जरूर है लेकिन नेहरू चौक इस जगह को कोई भी नहीं कहता है.

Tags: Godda news, History, Jharkhand news, Latest hindi news, Local18

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More