
अनूप पासवान/कोरबा: ओडिशा के बालासोर में तीन-तीन ट्रेनों के बीच हुए हादसे में 288 लोगों की मौत और सैकड़ों के घायल होने की घटना के उस मंजर को लोग अभी भूल नहीं पाए हैं. इधर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन के अंतर्गत एक बड़ा हादसा समय रहते टल गया.
यहां एक ही रेलवे ट्रैक पर एक पैसेंजर और मालगाड़ी आमने-सामने आ गई थी, लेकिन काफी दूरियों के मध्य इन्हें रोक देने से एक बड़ा हादसा टल गया. बताया जा रहा है कि शनिवार को बिलासपुर के जयरामनगर और जांजगीर-चांपा के कोटमीसोनार के बीच लोकल यात्री ट्रेन (मेमू) और मालगाड़ी एक ही पटरी पर आ गई थीं.
मेमू लोकल कोरबा आ रही थी. समय रहते इस मानवीय और तकनीकी गलती को सुधारा गया और दोनों गाड़ियों को रोका गया. यात्री अपनी ट्रेन से उतरे और उन्होंने जब इस मंजर को देखा तो वह ईश्वर को धन्यवाद देते रहे. समय रहते एक बड़ा हादसा टल गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है.
ट्रेन के अचानक रुकने पर यात्री बाहर निकल आए और जब मंजर देखा तो उनके होश उड़ गए. कुछ दूरी पर एक रेलवे ट्रैक पर आमने-सामने खड़ी दो ट्रेन का मंजर देख सभी हैरान थे. कई लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाया और उसको वायरल कर दिया. वहीं यह वीडियो जिसने भी देखा वह दंग रह गया.
.
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 20:59 IST






