
आशुतोष तिवारी/रीवा: जून माह में गर्मी का सितम जारी है. सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर रखा है. साथ में गर्म हवाएं चलने से दोपहर होते-होते ऐसा लग रहा है मानो आसमान से आग बरस रही हो. प्रचंड धूप और तेज गर्मी की वजह से शहर की मुख्य सड़कें दोपहर में सूनी दिखाई देती हैं. लोग गर्मी में निकलने से बच रहे हैं. कभी कभी दिन का पारा 45 डिग्री पहुंच रहा है.
इस माहौल में राहगीरों को गर्म हवा के थपेड़ों ने झुलसा दिया है. भीषण गर्मी की वजह से सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है. इक्का-दुक्का लोग ही सड़कों पर निकल रहे हैं. तेज धूप से बचाव के लिए लोग चेहरे को कपड़ों से ढके नजर आ रहे हैं. रविवार की छुट्टी में भी लोग बाहर घूमने से कतरा रहे हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक केरल में मानसून के दस्तक देने के बाद राज्य में अगले 10-12 दिनों में बारिश की संभावना है. बारिश होने के बाद ही गर्मी से राहत मिलेगी. फिलहाल लोग भीषण गर्मी की तपिश झेलने के लिए मजबूर हैं. भीषण गर्मी और उमस के बीच दिन में चलने वाली लू से रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आना जाना मुश्किल हो गया है. बेहद जरूरी काम होने के बाद ही लोग घर से निकलते हैं.
आज इतना रहा तापमान
रीवा में गर्मी इस कदर है कि पंखे व कूलर की हवा भी लोगों का पसीना रोकने में नाकाम साबित हो रहे हैं. रविवार को दोपहर का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहा. शनिवार का अधिकतम तापमान 42 डिग्री रहा. गर्मी से बचाव के लिए लोग इधर उधर भटक रहे हैं, लेकिन उन्हें गर्मी से निजात नहीं मिल पा रही है.
.
Tags: Local18, Monsoon Update, MP weather forecast, Rewa News
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 18:20 IST








