
सच्चिदानंद/पटना. पटना और रांची के बीच सफर करने वाले यात्रियों को जल्द ही वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिलने वाली है. बीते दिनों इस ट्रेन की 8 बोगियां चेन्नई से चल कर पटना जंक्शन पहुंची, फिर राजेन्द्र नगर टर्मिनल स्थित यार्ड में टेक्निकल परीक्षण किया गया, साथ ही काम करने वाले कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी गई. इसके बाद अब इस ट्रेन का ट्रायल पटना से रांची के बीच किया जाएगा.
पटना से रांची के बीच कल यानी कि 12 जून को गया और बरकाकाना के रास्ते अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल रन किया जाएगा. ट्रायल रन के दौरान यह ट्रेन पटना से सुबह 6.55 बजे चलेंगी और दोपहर एक बजे रांची पहुंचेगी. वापसी में यह ट्रेन दोपहर दो बजकर 20 मिनट पर रांची से खुलेगी और 20.25 बजे पटना पहुंचेगी.
कल होगा ट्रायल
पटना से रांची के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस के परिचालन के इंतजार की घड़ियां खत्म होने वाली है. 12 जून यानी सोमवार को इस ट्रेन का ट्रायल रन तय हो गया है. ट्रायल रन के दौरान यह ट्रेन पटना जंक्शन से 06.55 बजे खुलकर 08.20 बजे गया पहुंचेगी और यहां से 08.30 बजे प्रस्थान कर 13.00 बजे रांची पहुंचेगी. वापसी में रांची से पटना के लिए यह ट्रेन रांची से 14.20 बजे खुलकर 19.00 बजे गया पहुंचेगी और यहां से 19.10 बजे खुलकर 20.25 बजे पटना पहुंचेगी. अप एवं डाउन दिशा में इसका परिचालन जहानाबाद, गया, बरकाकाना, कोडरमा, हजारीबाग टाउन और मेसरा के रास्ते किया जाएगा. ट्रायल रन के दौरान इस ट्रेन का परिचालन तीव्र गति से किया जाएगा. इसलिए रेल प्रशासन द्वारा यह अपील की गई है कि आम लोग रेलवे ट्रैक से उचित दूरी बनाकर रखें. साथ ही मवेशियों को भी रेलवे ट्रैक से दूर रखें.
आम लोगों को नहीं मिलेगी जगह
सीपीआरओ वीरेंद्र कुमार ने बताया कि वंदे भारत का यह ट्रायल रन नियमित परिचालन के पहले रास्ते में आने वाले दिक्कतों को समझने के लिए किया जा रहा है. 12 जून को पटना और रांची के बीच प्रस्तावित वंदे भारत के ट्रायल रन के दौरान ट्रेन में आम यात्रियों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. इसके साथ ही पटना-रांची रेलखंड को मजबूत कर दिया गया है. लाइन पर अभी तक अधिकतम करीब 130 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से ट्रेन का परिचालन किया गया है. अब प्रति घंटा 160 किमी की रफ्तार से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलेगी. ट्रेन की स्पीड अधिक होने के कारण सेफ्टी को लेकर अधिक ख्याल रखा जाएगा.
.
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 16:53 IST








