
सिद्धांत राज/मुंगेर: जिले वासियों को पर्यटन विभाग ने बड़ी सौगात दी है. देश के 52 शक्तिपीठों में से एक मुंगेर का शक्तिपीठ स्थल चंडिका स्थान के सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. पर्यटन विभाग ने 4.18 करोड़ की लागत से चंडिका स्थान का सौंदर्यीकरण कराएगा. जिसमें श्रद्धालुओं के ठहरने के धर्मशाला, मल्टीपरपस हॉल, मुख्यद्वार से गर्भगृह तक पाथ वे का निर्माण कराया जाएगा. जल्द हीं विभागीय स्तर पर टेंडर की प्रक्रिया शुरू होगी.
शक्तिपीठ चंडिका स्थान के सौंदर्यीकरण के लिए पर्यटन विभाग द्वारा मॉडल तैयार कर लिया गया है. पर्यटन विभाग सौंदर्यीकरण पर 4.18 करोड़ खर्च करेगा. इसमें मुख्य प्रवेश द्वार को बड़ा और आकर्षक बनाया जाएगा. इसके अलावा मल्टीपरपस हॉल, धर्मशाला, वाहनों के लिए पार्किंग, यात्रियों के लिए शेड, श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था की जाएगी. इसके अलावा मंदिर का चाहरदीवारी का भी निर्माण होगा. वहीं सुरक्षा के उद्देश्य से मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगाया जाएगा. मंदिर परिसर को पूरी तरह समतल बनाकर भक्तगण को बैठने के लिए पेड़ के नीचे बेंच लगाया जाएगा. इसके अलावा मंदिर परिसर में हाई मास्ट लाइट, पाथ वे, दवा के साथ फस्ट एड कक्ष तथा मंदिर से पानी की निकासी और वर्षा जल संरक्षित करने के लिए ड्रेनेज चैनल और रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाया जाएगा.
पर्यटन के रूप में विकसित होने पर बढ़ेगा रोजगार का साधन
बता दें कि मुंगेर का चंडिका स्थान प्रसिद्ध शक्तिपीठ में से एक है. जहां हर दिन दूर-दराज से सैकड़ों श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं. खासकर नवरात्र के समय चंडिका स्थान में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं. इस मंदिर के पर्यटक स्थल के रूप में विकसित होने से आस-पास के लोगों को रोजगार मिलेगा तथा यहां पूजा करने पहुंचने वाले श्रद्धालु भी मंदिर की सुंदरता और भव्यता देखकर आकर्षित होंगे. चंडिका स्थान न्यास समिति के सचिव सौरभ निधि ने बताया की मुंगेर के पर्यटक स्थलों को विकसित करने के लिए राज्य सरकार और ज़िला प्रशासन लगातार प्रयत्नशील है. उनके अथक प्रयास का प्रतिफल हुआ कि पर्यटन विभाग ने प्रसिद्ध शक्तिपीठ चंडिका स्थान मंदिर के सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है.
.
Tags: Bihar News, Bihar News in hindi, Local18, Munger news
FIRST PUBLISHED : June 10, 2023, 17:09 IST








