
सुनील रजक/शिवपुरी. शादी समारोह में खाना पीना चल रहा था, सब अपनी मस्ती में डूबे हंसी ठिठोली कर रहे थे. तभी किसी ने पंडाल के पीछे झाड़ियों में सरसराहट की आवाज सुनी. पास जाकर देखा तो होश उड़ गए. दरअसल वहां एक बड़ा मगरमच्छ मुंह खोले धीरे-धीरे पंडाल की ओर बढ़ रहा था. फिर क्या हुआ आईए जानते हैं इस खबर में.
पंडाल की तरफ धीरे-धीरे बढ़ रहा था मगरमच्छ
शिवपुरी के जाधव सागर के पास स्थित परिणय वाटिका में विवाह समारोह चल रहा था. लोगों के शोर-शराबे के बीच जहां खाना तैयार हो रहा था. वहां झाड़ियों में से सरसराहट की आवाज सुनकर जब हलवाई के एक सहायक ने जाकर देखा तो लगभग 6 फीट लंबा एक मगरमच्छ मुंह खोले धीरे-धीरे वहां से भीड़भाड़ वाली जगह की तरफ बढ़ने की कोशिश करता नजर आया. विवाह स्थल पर मगरमच्छ आने की सूचना मिलते ही लोगों में कोहराम मच गया.
कुछ लोग जहां अपने बच्चों को सुरक्षित करने लगे तो कुछ युवा इस मगर को देखने किचन के पास झाड़ियों तक भी पहुंच गए. चूंकि यह वाटिका जाधव सागर के पास ही स्थित है, इसलिए मगरमच्छ आसानी से पिछले हिस्से में आ जाते हैं.
समय पर नहीं पहुंची विभाग की टीम
विवाह समारोह के दौरान मगरमच्छ निकल आने की सूचना तत्काल माधव नेशनल पार्क प्रबंधन को दी गई, लेकिन वहां से जवाब आया कि अभी हमारी टीम नेशनल पार्क के एक हिस्से में लगी आग को बुझा रही है, इसलिए अभी हम नहीं आ सकते. इसके बाद स्थानीय लोगों ने मिलकर किसी तरह उसे रस्सी से बांधकर पंडाल से दूर किया. बाद में वन विभाग की टीम ने उसे ले जाकर जाधव सागर में छोड़ दिया.
.
Tags: Local18, Mp news, Shivpuri News
FIRST PUBLISHED : June 10, 2023, 20:16 IST








