
हाइलाइट्स
देश के टॉप के पहलवान बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं
डब्ल्यूएफआई के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप है
सोनीपत. महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे भारतीय कुश्ती संघ के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह (Brijbhushan Sharan Singh) की गिरफ्तारी की मांग कर रहे पहलवानों ने किसान, खाप व कर्मचारी संगठनों की बैठक में कहा कि वे एशियाई खेलों में तभी भाग लेंगे जब सभी मुद्दों का समाधान हो जाएगा.
एशियाई खेल चीन के हांगझाऊ में 23 सितंबर से आठ अक्टूबर तक होने हैं जबकि 30 जून से पहले टीम का चयन किया जाना है. इस महापंचायत में साक्षी मलिक, बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक (Sakshi Malik) के पति सत्यव्रत कादियान और विनेश फोगाट के पति सोमवीर राठी मौजूद थे. ये पहलवान खाप पंचायतों के साथ मिलकर महापंचायत कर रहे हैं.
‘दोबारा आंदोलन की रणनीति बनाएंगे’
इस महापंचायत में पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा कि 15 जून तक बृजभूषण की गिरफ्तारी नहीं हुई तो 16 और 17 जून को दोबारा से इस मुद्दे पर चर्चा कर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी. ओलंपिक पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक ने कहा ,‘हम एशियाई खेलों में तभी भाग लेंगे जब इन सभी मुद्दों का समाधान हो जाएगा. आप नहीं समझ सकते कि हम मानसिक रूप से हर दिन क्या झेल रहे हैं.’ साक्षी ने पहलवानों के बीच किसी मतभेद की अटकलों को खारिज करते हुए कहा,‘मैं यह स्पष्ट कर देती हूं हम सब एक हैं. मैं, बजरंग और विनेश हम सभी एक हैं.’
‘गिरफ्तारी नहीं होने से जांच प्रभावित हो रही है’
साक्षी ने यह भी कहा कि अभी तक बृज भूषण की गिरफ्तारी नहीं होने से जांच प्रभावित हो रही है. बजरंग ने कहा कि बैठक में वह किसान, खाप व कर्मचारी संगठन प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे और अब तक सरकार के साथ हुई बातचीत के बारे में उन्हें बताएंगे. सरकार से बृजभूषण पर कार्रवाई को लेकर दिए गए आश्वासन से लेकर सभी बातों पर चर्चा की जाएगी. उसके बाद आगे की रणनीति पर विचार करेंगे.
15 जून के बाद पहलवान लेंगे निर्णय
उन्होंने पहले ही कहा था कि उनके आंदोलन में खाप, किसान व कर्मचारी संगठनों का पूरा योगदान रहा है. वह उनके बीच अपनी बात रखकर आगे की रणनीति बनाएंगे. इस महापंचायत के प्रधान राजेंद्र खत्री ने कहा है कि पहलवान 15 तारीख के बाद जो भी निर्णय लेंगे उसके बाद खाप पंचायतें पहलवानों के समर्थन में उतरेंगे.
.
Tags: Bajrang punia, BJP MP Brijbhushan Sharan Singh, Sakshi Malik, Vinesh phogat
FIRST PUBLISHED : June 10, 2023, 19:09 IST








