आम और जमीन में ओल की खेती से मालामाल हो रहा यह किसान, आप भी अपनाएं यह तकनीक

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


राजकुमार सिंह/वैशाली. पुरानी कहावत है-आम के आम गुठलियों के भी दाम. हालांकि इस कहावत को चरितार्थ होते कम ही देखने को मिलता है. लेकिन, हाजीपुर के दयालपुर गांव में एक किसान ने इस कहावत को शत प्रतिशत चरितार्थ कर दिखाया है. आज हम आपको बताएंगे और दिखाएंगे कि किस तरह से यह किसान एक साथ दो फसल की खेती कर दुगना मुनाफा कमा रहे हैं.

दरअसल, दयालपुर गांव के सम्पन्न किसान बम सिंह का मुख्य पेशा किसानी ही है. शायद यही वजह है कि बम सिंह अपने काम को परफेक्शन से करते हैं. इस कारण इनकी चर्चा आज ना सिर्फ जिले में बल्कि दूसरे जिले में भी हो रही है.

आम के साथ करते हैं ओल की खेती
बम सिंह के पास लगभग 12 से 13 एकड़ में आम का बगीचा है. इससे वह हर साल लाखों की कमाई करते हैं. लेकिन कुछ नया करते रहने की चाहत से बम सिंह को एक नया आइडिया आया. इसके बाद उन्होंने लगभग दस कट्ठे में आम के बगीचे में ओल की खेती शुरू कर दी. देखते ही देखते बम सिंह का यह प्रयोग कारगर साबित हुआ और अब बम सिंह आम के साथ साथ ओल से भी अच्छी कमाई कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि छठ के समय तक ओल पूरी तरह तैयार हो जाएगा. उस समय ओल की अच्छी कीमत बाजार में मिलती है. लिहाजा उसी वक्त उसको बेचा जाएगा.

कृषि विभाग भी कर रहा सराहना
बम सिंह ने बताया कि आम के साथ ओल की खेती से ना तो आम को कोई नुकसान होता है और ना ही ओल को. इससे हर साल लाखों की कमाई भी हो जाती है. किसान ने बताया कि ना सिर्फ ओल, बल्कि आम के बगीचे में ओल के साथ हल्दी की खेती भी की जा सकती है. इससे अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है. बम सिंह के साथ किसानी में उनका बेटा भी साथ देता है. अब तो दूर-दराज से लोग इनकी खेती को देखने के लिए आते हैं. जिला कृषि कार्यालय और जिला उद्यान कार्यालय भी इनकी खेती के इस तकनीक की सराहना की गई है.

.

FIRST PUBLISHED : June 10, 2023, 18:02 IST

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें