
रविकांत कुमार/मधेपुरा. अगर आप राशन कार्डधारी हैं और आपने अब तक राशन कार्ड को आधार से लिंक नहीं करवाया है, तो जल्द करवा लें. 30 जून से पहले ऐसा नहीं किया, तो आपका नाम राशन कार्ड से हटा दिया जाएगा. इसके बाद आपको सरकारी राशन नहीं मिलेगा. दरअसल, जिले के सभी राशन कार्डधारियों के लिए विभागीय आदेश जारी किया गया है कि वे 30 जून तक अपने राशन कार्ड को आधार से लिंक करवा लें.
अगर आधार से लिंक नहीं करवाते हैं, तो ऐसी स्थिति में लाभार्थी का नाम राशन कार्ड से हटा दिया जाएगा और उन्हें राशन नहीं दिया जाएगा. इसके लिए विभाग ने सभी पीडीएस डीलरों को उनके राशन कार्ड धारक को आधार कार्ड से आधार सीडिंग करने को लेकर 30 जून तक समय दिया है.
पीडीएस डीलर करेंगे आधार को लिंक
इस मामले को लेकर सदर एसडीएम धीरज कुमार सिन्हा ने बताया कि सरकार के आदेश के अनुसार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से जितने भी राशन कार्ड धारक जुड़े हुए हैं, उन सभी को राशन कार्ड से आधार सीडिंग कराना अनिवार्य है. ऐसे राशन कार्ड धारक जिन्होंने अभी तक अपने कार्ड को आधार से सीडिंग नहीं करवाया है, वे 30 जून तक करवा लें.
आगे उन्होंने यह भी बताया कि आधार सीडिंग करवाने के लिए किसी को रुपया नहीं देना है. यह प्रक्रिया बिल्कुल मुफ्त है. आप अपने नजदीकी जन वितरण प्रणाली की दुकान पर जाकर वहां मौजूद पोएएस मशीन के जरिए लिंक करवा सकते हैं.
परिवार के हर सदस्य का होना है आधार लिंक
एसडीएम ने बताया कि अगर कोई डीलर इसे करने में आनाकानी करते हैं, तो लाभुक अविलंब विभागीय पदाधिकारी से इसकी शिकायत करें. एसडीएम श्री कुमार ने बताया कि इसे लेकर लाभार्थियों के बीच प्रचार-प्रसार कर उन्हें जागरूक किया जा रहा है. साथ ही डीलर भी अपने क्षेत्र के लाभुकों को इसकी जानकारी दे रहे हैं.
उन्होंने जिले के राशन कार्डधारी लाभार्थियों से आग्रह करते हुए कहा है कि 30 जून से पहले ही अपने नजदीकी डीलर के पास जाकर आधार से लिंक करवा लें. राशन कार्ड में जितने सदस्यों के नाम हैं, उन सभी सदस्यों को आधार कार्ड सीडिंग कराना अनिवार्य है. जिनका नहीं होगा, उनका नाम कार्ड से हटा दिया जाएगा.
.
Tags: Bihar News, Madhepura news
FIRST PUBLISHED : June 10, 2023, 15:38 IST








