
नितिन आंतिल/सोनीपत: पुलिस अक्सर अपने सख्त रवैये के लिए जानी जाती है, लेकिन आज हम आपको ऐसे पुलिसकर्मी से मिलवाएंगे जो अपने नैतिक और सामाजिक कार्यों के लिए मशहूर हैं. सोनीपत पुलिस में तैनात सब इंस्पेक्टर जगत सिंह एक ऐसे व्यक्तित्व के धनी हैं जो दिव्यांग और मानसिक रूप से कमजोर बेसहारा लोगों की मदद करते हैं.
बेसहारा लोगों को लिए मसीहा बने जगत सिंह ने अब तक 83 बेसहारा लोगों को आश्रम पहुंचाया है और ठीक हो जाने पर 12 लोगों को उनके परिवार से भी मिलाया है. उनका कहना है कि जब आश्रम से कुछ लोग ठीक होकर अपने घर जाते हैं, तो उनके पास उनके फोन आते हैं जिसे सुनकर वह इस काम के लिए और प्रेरित होते हैं.
इस काम को करने का सिलसिला उन्होंने 2008 में शुरू किया था और उसके बाद से अब तक अपनी सैलरी से इस काम को करते आ रहे हैं. इनके काम की सराहना आज हर कोई करता है और कई संस्थाएं भी एसआई जगत सिंह को सम्मानित कर चुकी हैं.
मां से मिली थी प्रेरणा
एसआई जगत सिंह को इस काम की प्रेरणा उनकी मां से मिली है. उनकी मां ने अपनी मृत्यु से पहले पूरे शरीर को दान कर दिया था और उसी के बाद उनके मन में आया कि क्यों न वह भी कुछ ऐसा करें जिससे दूसरों का दर्द कम हो. उन्होंने सड़क पर पड़े बेसहारा लोगों को सहारा देने का काम शुरू किया और निस्वार्थ भाव से लोगों की सेवा करने लगे. अपनी मां की तरह ही सब इंस्पेक्टर जगत सिंह अपना और पूरे परिवार का शरीर दान के देने लिए फॉर्म भी भर चुके हैं.
अपनी सैलरी से करते हैं लोगों की सेवा
जगत सिंह ने बताया कि अब तक 83 मंदबुद्धि लोगों को आश्रम भेज चुके हैं और 12 लोग ठीक होकर घर पहुंच चुके हैं. वह सैलरी से लोगों की सेवा करने के लिए खर्च करते हैं और कुछ उनके साथी भी इस काम में मदद कर देते हैं .लोगों की सेवा करने में खर्च की कोई गिनती नहीं है. ऊपर वाले की दया से सब ठीक होता चला जाता है.
.
FIRST PUBLISHED : June 10, 2023, 15:34 IST









