
(रवि रमन त्रिपाठी)
भिंड. मध्य प्रदेश के भिंड जिले में 10 जून की सुबह दिल दहला देने वाला हादसा हुआ. यहां एक शादी वाले घर में सिलेंडर फट गया. इस खौफनाक हादसे में तीन मासूम बच्चे जिंदा जल गए. हादसे में चार लोग घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां से दो घायलों को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया. मृतक मासूम मामा की शादी में शामिल होने ननिहाल आए थे. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशानिक अधिकारी मौके पहुंच गए.
जानकारी के मुताबिक, हादसा भिंड के गोरमी थाना इलाके के हुआ. इलाके के दले का पुरा गांव में रहने वाले अखिलेश राजपूत के घर उनके बेटे अरविंद की शादी होने वाली थी. 17 जून को अरविंद का लगुन, फलदान होने वाला था. 22 जून उसकी को बारात जानी थी. पूरा परिवार इसी शादी की तैयारियों में व्यस्त था. पूरा घर मेहमानों से भरा हुआ था. इस बीच घर में रखे सिलेंडर में अचानक आग लग गई. आग से सिलेंडर में भीषण विस्फोट हो गया.









