
नई दिल्ली. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2021-2023 का फाइनल मुकाबला जारी है. कुछ देर में तीसरे तीन का खेल शुरू होगा. शुरूआती दोनों दिनों में विपक्षी टीम ब्लू टीम पर भारी रही है. टीम इंडिया को अगर खिताबी जंग में जीत हासिल करनी है तो रहाणे और भरत की जोड़ी को कमाल का प्रदर्शन करना होगा. रहाणे दूसरे दिन 71 गेंद में 29 और भरत 14 गेंद में पांच रन बनाकर नाबाद हैं. दूसरे दिन तक टीम इंडिया का स्कोर 151/5 रहा. ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 469 रन का पहाड़नुमा स्कोर खड़ा किया था.
भारतीय टीम के लिए तीसरे दिन का आगाज रहाणे और भरत ही करेंगे. इन दोनों खिलाड़ियों से टीम को बहुत आस है. फिलहाल भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया द्वारा बनाए गए पहली पारी के आधार पर 318 रन से पीछे है. ब्लू टीम के हाथ में पांच विकेट शेष हैं. जिसमें ज्यादातर पुछल्ले बल्लेबाज ही शामिल हैं.
टीम इंडिया के लिए पहली पारी में आउट होने वाले खिलाड़ी कैप्टन रोहित शर्मा (15), शुभमन गिल (13), चेतेश्वर पुजारा (14), विराट कोहली (14) और रवींद्र जडेजा (48) हैं. विपक्षी टीम के लिए खबर लिखे जाने तक मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस, स्कॉट बोलैंड, कैमरन ग्रीन और नाथन लियोन ने क्रमशः एक-एक सफलता प्राप्त की है.
फाइनल मुकाबले के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI:
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, केएस भरत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, उमेश यादव, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज.
ऑस्ट्रेलिया: डेविड वॉर्नर, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, कैमरून ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिशेल स्टार्क, पैट कमिंस (कप्तान), नाथन लियोन और स्कॉट बोलैंड.








