
अभिषेक जायसवाल/वाराणसी: ज्येष्ठ के बाद अब आषाढ़ का महीना शुरू हो गया है. आषाढ़ के महीने में भी आसमान से आग बरस रही है. हालत ये हैं कि दिन के साथ रात में भी गर्मी की तपिश ने लोगों का जीवन बेहाल कर दिया है. वहीं, मौसम विभाग ने 9 से 11 जून तक भीषण गर्मी का अलर्ट भी जारी किया है. अनुमान है कि इस बीच गर्मी के सितम के साथ हीट वेव का कहर भी लोगों को खूब सताएगा.
भारतीय मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार, 9 जून शुक्रवार को वाराणसी में हीट वेव का सितम झेलना पड़ेगा. इस बीच अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वहीं, न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. हालांकि अनुमान है कि 11 जून के बाद तापमान में थोड़ी कमी आ सकती है.
तीन दिन प्रचंड गर्मी का कहर
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तीन दिनों तक वाराणसी में गर्मी के थर्ड डिग्री टॉर्चर का कहर लोगों को झेलना पड़ेगा. ऐसे में इस बीच लोगों को धूप में निकलने से बचना चाहिए. जरूरत होने पर ही लोग दोपहर के वक्त निकलें. ऐसे में उन्हें इससे बचाव के लिए भी अहम कदम उठाने चाहिए.
43 के करीब पहुंचा पारा
बता दें कि वाराणसी में गुरुवार को मौसम काफी तीखा रहा. सूर्य की तपिश लोगों को पूरे दिन सताती रही. मौसम विभाग के आकड़ों के अनुसार, गुरुवार को वाराणसी में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा, तो न्यूनतम तापमान भी 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.








