
हाइलाइट्स
भारतीय गेंदबाजी WTC Final में बेअसर नजर आई
ओवल में क्यों हिट नजर आए ऑस्ट्रेलिया पेसर?
नई दिल्ली. World Test Championship के फाइनल में अभी 2 ही दिन का खेल हुआ है और ऑस्ट्रेलिया के सामने टीम इंडिया पूरी तरह बैकफुट पर नजर आ रही है. दो दिन के खेल में न तो भारत की गेंदबाजी चली और न ही बड़े-बड़े बल्लेबाजों के बल्लों का शोर सुनाई दिया. नतीजा लगातार दूसरी बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का ताज भारत के हाथ से फिसलता दिख रहा. जबकि इस महामुकाबले में टॉस की उछाल में बाजी टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने मारी थी और पहले बॉलिंग का फैसला किया था.
भारत 4 तेज गेंदबाजों के साथ उतरा था. पिच पर मौजूद घास और ओवरकास्ट कंडीशन भी भारत के पक्ष में ही थी. फिर भी टीम इंडिया के पेसर्स की चौकड़ी कमाल नहीं दिखा पाई. ऑस्ट्रेलिया ने डेढ़ दिन बल्लेबाजी की और 469 रन ठोक डाले. आखिर क्यों टीम इंडिया के गेंदबाज असर नहीं डाल पाए. क्यों ऑस्ट्रेलियाई बैटर्स अतिरिक्त उछाल वाले ओवल के विकेट पर रन बनाने में सफल रहे. कहां टीम इंडिया चूकी. क्या टीम इंडिया की खराब गेंदबाजी की वजह आईपीएल है? 2 दिन के खेल को देखने के बाद ऐसा लग रहा है. क्योंकि जिस विकेट पर 2 सेशन में ऑस्ट्रेलिय़ाई पेसर्स ने भारतीय टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया. उसी पर भारतीय गेंदबाजों को ऑस्ट्रेलिया को आउट करने में डेढ़ दिन का वक्त लग गया.
गेंदबाजों का वर्कलोड मैनेजमेंट अहम
कहीं न कहीं इसके तार आईपीएल से जुड़े हैं. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेल रहे अधिकतर भारतीय खिलाड़ी पूरे 2 महीने आईपीएल खेलने के बाद इंग्लैंड पहुंचे.मोहम्मद शमी, अजिंक्य रहाणे, केएस भरत, शुभमन गिल तो आईपीएल फाइनल खेलने वाली टीमों का हिस्सा थे और 1 जून को इंग्लैंड पहुंचे थे. यानी इतने लंबे टूर्नामेंट के फौरन बाद खिलाड़ियों को बिना आराम के इतने बड़े मुकाबले में उतरना पड़ा. बल्लेबाजों के लिए ये फिर भी उतना मुश्किल नहीं है. लेकिन, गेंदबाजों के लिए वर्कलोड मैनेजमेंट बहुत अहम होता है.
आईपीएल के फौरन बाद WTC Final में उतरे
2 महीने नॉन स्टॉप टी20 क्रिकेट खेलने के फौरन बाद भारतीय गेंदबाजों को रेड बॉल यानी टेस्ट क्रिकेट खेलना पड़ा और सीधे 4 ओवर से लंबे-लंबे स्पैल में गेंदबाजी करनी पड़ी और यही कारण है कि एक समय के बाद भारतीय गेंदबाजों पर थकान हावी होती दिखी और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने इसका फायदा उठाया.
शमी सबसे आखिर में लंदन पहुंचे थे
भारतीय टीम WTC Final में 4 तेज गेंदबाजों के साथ उतरी. इसमें मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव और शार्दुल ठाकुर हैं. ये चारों ही गेंदबाज आईपीएल 2023 में अपनी टीम के बॉलिंग लाइन अप का अहम हिस्सा थे. शमी ने आईपीएल 2023 में 17, सिराज ने 14, शार्दुल ने 11 मुकाबले खेले थे. उमेश यादव और शार्दुल तो चोटिल होने के कारण कुछ मैच नहीं भी खेले थे.
WTC Final में फॉलोऑन! क्या भारत आज बनायेगा ऐसा रेकॉर्ड, जिसका गम कभी खत्म ही ना हो
भारतीय पेसर पर थकान हावी नजर आई
मोहम्मद सिराज, उमेश यादव और शार्दुल ठाकुर तो फाइनल से करीब 2 हफ्ते पहले लंदन पहुंच गए थे. पर शमी आईपीएल फाइनल के कार 1 जून को इंग्लैंड पहुंचे थे. इस बीच कोई प्रैक्टिस मैच नहीं खेला गया. आईपीएल में 4 ओवर के स्पैल से अचानक टेस्ट में बदले हुए हालात में लगातार गेंदबाजी करने का असर पहले दिन भारतीय गेंदबाजों पर साफ दिखा था.
दूसरे सेशन के बाद ही भारतीय तेज गेंदबाजों के घुटने मुड़ने लगे थे. तीसरे सेशन तक भारतीय पेसर्स थके हुए नजर आने लगे थे और इसका फायदा ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों ने उठाया और आखिरी 10 ओवर में स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड ने 5 के रन रेट से रन कूटे थे.
2 साल…8 शतक के बाद एक झटके में खेल खत्म, पार्ट टाइम गेंदबाज के आगे गिरी ‘दीवार’, अब दांव पर करियर!
जस्टिन लैंगर ने भी कॉमेंट्री के दौरान एक बात की तरफ इशारा किया था कि आखिरी सेशन में भारतीय गेंदबाजों के घुटने ज्यादा मुड़े हुए नजर आ रहे थे. इसका मतलब साफ था कि वो थक गए हैं. यही कारण था कि भारतीय गेंदबाज ऑस्ट्रेलियाई पेस तिकड़ी के मुकाबले पिच में मदद मौजूद होने के बावजूद फायदा नहीं उठा पाए.
पहले दिन इरफान पठान ने भी इसे लेकर एक ट्वीट किया था. उन्होंने लिखा था, नियमित रूप से 4 ओवर गेंदबाजी करने से लेकर एक दिन में 15-20 ओवर गेंदबाजी करना बड़ी छलांग है. यानी उनका इशारा भी आईपीएल की तरफ ही था.
.
Tags: India vs Australia, IPL 2023, Mohammed Shami, Mohammed siraj, Umesh yadav, World Test Championship Final, WTC
FIRST PUBLISHED : June 09, 2023, 08:13 IST








