
हाइलाइट्स
फिनलैंड ट्रैफिक नियमों को काफी सख्ती से लागू करता है.
नियमों के उल्लंघन पर कई मशहूर हस्तियों को भारी दंड भुगतना पड़ा है.
जुर्माना नियम तोड़ने वाले की कमाई के आधार पर तय किया जाता है.
नई दिल्ली. हमारे देश में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन (Violation Of Traffic Rules) करने पर सबको बराबर ही फाइन भरना होता है. नियम तोड़ने वाला कितना कमाता है, इस बात से जुर्माने का कोई संबंध नहीं है. लेकिन, फिनलैंड (Finland) में ऐसा नहीं है. वहां पर ट्रैफिक रूल्स तोड़ने पर जुर्माना लखपति और करोड़पति को बराबर नहीं लगता. करोड़पति को ज्यादा जुर्माना भरना पड़ता है और अगर आदमी अरबपति है तो और भी ज्यादा. हाल ही में फिनलैंड के अरबपति एंडर्स विक्लोफ (Anders Wiklof) ने गति सीमा का उल्लंघन कर दिया था. नियम तोड़ने पर विक्लोफ को 121,000 यूरो (करीब 1.7 करोड़ रुपये) जुर्माना भरना पड़ा. फिनलैंड ट्रैफिक नियमों को काफी सख्ती से लागू करता है.
ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर वहां पर कई मशहूर और धनी हस्तियों को भारी आर्थिक दंड भुगतना पड़ा है. नोकिया के पूर्व डायरेक्टर आंसी वैंजोकी (Anssi Vanjoki) को भी राजधानी हेल्सिंकी में अपनी हार्ले डेविडसन मोटरसाकिल को तेज गति से दौड़ाने पर एक करोड़ रुपये से ऊपर का चालान भरना पड़ा था. वैंजोकी 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की स्पीड लिमिट वाली सड़क पर 77 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बाइक चलाते धरे गए थे. इसी तरह फिनलैंड के मशहूर कारोबारी रीमा कुइस्ला (Reima Kuisla) भी ओवरस्पीडिंग पर 51 लाख रुपये का जुर्माना भर चुके हैं.
ऐसे तय होता है जुर्माना
फिनलैंड में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना नियम तोड़ने वाले की कमाई और अपराध की गंभीरता के आधार पर तय होता है. फिनलैंड में डिस्पोजल इनकम (Finland Disposable Income) को जुर्माने का आधार बनाया है. किसी व्यक्ति की एक दिन की कुल आय की आधी रकम को डिस्पोजल इनकम माना जाता है. ट्रैफिक पुलिस डिस्पोजल इनकम का पता फिनलैंड के मेन टैक्स डाटाबेस से लगाती है. मेन टैक्स डाटाबेस में सभी फिनलैंडवासियों की आय का ब्यौरा दर्ज है. इसके अलावा अगर कोई व्यक्ति बार-बार नियमों का उल्लंघन करता है, तो जुर्माने की राशि बढ़ जाती है.
एंडर्स विक्लोफ दो बार पहले भी ट्रैफिक नियमों का उल्ल्ंघन करते पाए गए थे. इसी वजह से भी इस बार उन पर लगे जुर्माने की राशि बढ़ गई. विक्लोफ ने घटना पर खेद जताया है. उन्होंने एक स्थानीय अखबार से कहा कि वो स्पीड कम ही करने वाले थे. लेकिन ऐसा करने से पहले ही वे पुलिस की पकड़ में आ गए. विक्लोफ ने उम्मीद जताई कि उनसे वसूले गए भारी भरकम जुर्माने का उपयोग अच्छे कार्यों के लिए होगा.
.
Tags: Business news in hindi, Finland News, Traffic fines, Traffic Police, Traffic rules
FIRST PUBLISHED : June 09, 2023, 07:15 IST








