
पेरिस. गैरवरीय कैरोलिना मुचोवा (Karolina Muchova) ने पैर में समस्या के बावजूद मैच प्वाइंट बचाया और वापसी करते हुए आखिरी पांच गेम भी जीते जिससे वह एरिना सबालेंका (Aryna Sabalenka) को हराकर फ्रेंच ओपन (French Open) के महिला एकल फाइनल में जगह बनाने में सफल रहीं. कैरोलिना ने दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी के खिलाफ 7-6 (5), 6-7 (5), 7-5 की जीत के साथ पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया. हार के बाद बेलारूस की खिलाड़ी का वर्ल्ड नंबर वन बनने सपना टूट गया.
जनवरी में ऑस्ट्रेलियाई ओपन का खिताब जीतने वाली सबालेंका तीसरे सेट में 5-2 के स्कोर पर मुकाबला जीतने से सिर्फ एक अंक दूर थी लेकिन इसके बाद उन्होंने 24 में से 20 अंक गंवाए और मुकाबला हार बैठीं. चेक गणराज्य की 26 साल की कैरोलिना ने इस तरह शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की. इससे पहले ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन ऑस्ट्रेलियन ओपन 2021 में था जब वह सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रहीं थी.
यह भी पढ़ें: डर और दहशत के इस माहौल में… कहीं ये बेटियां एक एक कर… विनेश फोगाट को सता रही ये चिंता
कैरोलिना ने अब तक अपना एकमात्र डब्ल्यूटीए खिताब हार्ड कोर्ट पर जीता है और वह इससे पहले रोलां गैरो की लाल बजरी पर भी तीसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाईं थी. कैरोलिना ने टूर्नामेंट से पहले कहा था, ‘यह मेरी पसंदीदा सतह नहीं है लेकिन मुझे लगता है कि मैं इस पर अच्छा खेल सकती हूं.’ इस मैच से पहले सबालेंका का इस साल ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंटों में जीत-हार का रिकॉर्ड 12-0 था. शनिवार को होने वाले फाइनल में कैरोलिना की भिड़ंत दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी और गत चैंपियन इगा स्वियातेक और दुनिया की 14वें नंबर की खिलाड़ी बीट्रिज हदाद माइया के बीच होने वाले सेमीफाइनल की विजेता से होगी.
.
Tags: French Open
FIRST PUBLISHED : June 08, 2023, 23:47 IST








