हाइलाइट्स
होंडा एलिवेट में 1.5 लीटर का पेट्रोल इंजन दिया गया है.
कार में 6 एयरबैग भी दिए गए हैं.
एलिवेट में 10.25 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम आएगा.
नई दिल्ली. कॉम्पैक्ट एसयूवी का बाजार तेजी से बढ़ रहा है. यही कारण है कि लगभग सभी कंपनियों ने अब इस सेगमेंट में एंट्री ले ली है. ऐसा ही कुछ होंडा ने भी किया है. होंडा ने अपनी खोई हुई पोजिशन को फिर से पाने के लिए अब अपना तुरुप का इक्का बाहर निकाला है. कंपनी ने दो दिन पहले अपनी कॉम्पैक्ट एसयूवी Elevate को लॉन्च कर दिया. इस कार की बुकिंग अब जुलाई से शुरू होने जा रही है और दिवाली के आसपास कंपनी इसे बाजार में उतार देगी. इस कार के आने के साथ ही नेक्सॉन, ग्रैंड विटारा, क्रेटा और सेल्टॉस जैसी गाड़ियों के लिए मुश्किल खड़ी होती दिख रही है.
होंडा ने भी एलिवेट के साथ कोई कसर नहीं छोड़ी है और इसमें इतने फीचर्स दिए गए हैं कि कोई भी दूसरी कार इसके सामने टिक नहीं पाएगी. एलिवेट में कंपनी ने इमरजेंसी ब्रेकिंग के साथ ADAS का फीचर दिया है. जो किसी भी आपात स्थिति को भांप कर कार को खुद ब खुद ही रोक देगा. इस फीचर के साथ कॉम्पैक्ट एसयूवी के मार्केट में एलिवेट पहली कार है. इतना ही नहीं एलिवेट की खूबियां और भी काफी हैं जो एक बार फिर होंडा को उसकी खोई हुई साख लौटाने में मदद करेंगे.
जबर्दस्त ग्राउंड क्लीयरेंस
एलिवेट में एक कॉम्पैक्ट और फुल साइज एसयूवी की सभी खूबियों को बखूबी दिया गया है. कार में थिक बार ग्रिल दी गई है जो इसको मस्कुलर लुक देती है. इसी के साथ बैक साइड में स्लीक टेल लैंप्स की यूनिट है. कार की लेंड 4.2 मीटर है, ये 1.62 मीटर ऊंची और 1.79 मीटर चौड़ी है. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका ग्राउंड क्लीयरेंस है जो करीब 220 एमएम का है.

केवल पेट्रोल इंजन
होंडा एलिवेट को लेकर पहले चर्चा थी कि कार में हाईब्रिड ऑप्शन दिया जा सकता है क्योंकि इस कार को होंडा सिटी के प्लेटफॉर्म पर डिजाइन किया गया है. और अब होंडा सिटी में हाईब्रिड इंजन दे दिया गया है लेकिन ऐसा नहीं हुआ. फिलहाल एलिवेट को होंडा सिटी के ही पेट्रोल इंजन के साथ लॉन्च किया गया है. इसमें 1.5 लीटर का पेट्रोल इंजन मिलेगा जो 121 बीएचपी की पावर जनरेट करेगा. वहीं कार 150 न्यूटन मीटर का टॉर्क प्रोड्यूस करेगी. कार में 6 स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन और सीवीटी गियर बॉक्स का ऑप्शन मिलेगा.
शानदार इंटीरियर
एलिवेट में कंपनी ने 10.25 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया है. इसके साथ ही इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर कलर एचडी में टीएफटी स्क्रीन है जो 7 इंच की है. वहीं वायरलैस स्मार्ट इंटीग्रेशन भी है जो इसे एलेक्सा से आसानी से कनेक्ट करेगा. वहीं 6 एयरबैग, अडप्टिव क्रूज कंट्रोल, लेन वॉच, हिल होल्ड असिस्ट, लेन कीप असिस्ट जैसे ढेरों सेफ्टी फीचर भी इसमें मिलेंगे. फिलहाल कंपनी ने इसके लॉन्च या कीमत को लेकर अभी खुलासा नहीं किया है. लेकिन माना जा रहा है कि एलिवेट की कीमत 8 लाख रुपये के आसपास से शुरू की जा सकती है. हालांकि इसका टॉप वेरिएंट 15 लाख के आसपास बाजार में उतरने की उम्मीद जताई जा रही है.
इलेक्ट्रिक भी जल्द
कंपनी ने फिलहाल होंडा सिटी के पेट्रोल इंजन के साथ ही एलिवेट को लॉन्च किया है. लेकिन कंपनी का कहना है कि आने वाले 3 साल के अंदर एलिवेट का इलेक्ट्रिक अवतार भी बाजार में उतारा जाएगा. यदि ऐसा होता है तो ये Nexon EV के लिए सीधी चुनौती होगी. इसी के साथ क्रेटा के आने वाले इलेक्ट्रिक वेरिएंट के लिए भी ये पहले से एक खतरा बन जाएगी.
.
Tags: Auto News, Car Bike News, Honda
FIRST PUBLISHED : June 08, 2023, 10:09 IST








