
हरिकांत शर्मा/आगरा. लखनऊ के कैसरबाग कोर्ट में हमला के बाद आगरा पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है. आगरा दीवानी एवं सत्र न्यायालय में ट्रिपल लेयर की सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है. इसके अलावा मौके पर डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता तैनात कर दिया गया है. हर आने जाने वाले की चेकिंग की जा रही है. खासकर गाड़ियों की चेकिंग डॉग स्क्वायड के द्वारा कराई जा रही है.
बुधवार को लखनऊ के कैसरबाग कोर्ट में वकील की ड्रेस में आए हमलावरों ने मुख्तार अंसारी के करीबी अपराधी संजीव जीवा को भरे कोर्ट में मजिस्ट्रेट के सामने गोलियों से भून दिया था. इलाज के दौरान संजीव जीवा की मौत हो गई. इस घटना के बाद से पूरे प्रदेश में हड़कंप है. आगरा दीवानी कोर्ट में न्यायालय सुरक्षा के नाम से बने दस्ते को अलर्ट कर दिया है.
वकीलों का आरोप कोर्ट परिसर में हथियार लेकर घूम रहे शातिर
लखनऊ कैसरबाग कोर्ट कांड के बाद से अब आगरा के वकीलों में रोष है. कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तमाम सवाल खड़े हुए हैं, तो वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्न उठाया जा रहा है. वकीलों का कहना है कि जब भी देश में कोई बड़ी घटना वकीलों के साथ होती है, तब जाकर प्रशासन अलर्ट होता है. इन कुछ दिनों के बाद व्यवस्था फिर से उसी ढर्रे पर आ जाती है. दीवानी परिषद में कार्यरत एडवोकेट नितिन वर्मा का कहना है कि कुछ दिनों पहले ही न्यायालय परिसर में कुछ युवक हथियार लेकर घूमते हुए दिखाइए थे. साथ ही कहा कि अधिवक्ता अपनी जान जोखिम में डालकर काम करने को मजबूर हैं. कई बार आगरा दीवाने सत्र न्यायालय में वकीलों के साथ घटनाएं हो चुकी हैं. सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद होनी चाहिए. पुलिस प्रशासन को हर समय अलर्ट होना चाहिए.
डीसीपी सिटी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
लखनऊ की घटना के बाद से तमाम वकीलों में आक्रोश है. वकील अपनी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित है और यही वजह है कि आगरा के डीसीपी सिटी विकास कुमार दीवानी सत्र न्यायालय पहुंचे. जहां उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को चेक किया. इसके साथ ही वकीलों को सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया. डीसीपी विकास कुमार का कहना है कि न्यायालय सुरक्षा दस्ता बनाया गया है. उसे अलर्ट मोड में रखा गया है. स्कैनिंग मशीन लगाई गई है. आने जाने वाले की चेकिंग की जाएगी. बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड की टीम तैनात कर दी गई है. वकीलों की सुरक्षा पुलिस की पूरी जिम्मेदारी है.
.
FIRST PUBLISHED : June 08, 2023, 16:37 IST








