
कोलकाता. राजनीतिक मतभेदों के बावजूद, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राज्य के आम की खास किस्में भेजीं हैं. 12 साल की परंपरा का पालन करते हुए इस साल भी सीएम ममता बनर्जी ने मौसमी फल प्रधानमंत्री कार्यालय को (पीएमओ) भेजे. सीएम ममता बनर्जी के करीबी सूत्रों ने खुलासा किया कि आमों को बुधवार शाम को डिस्पैच किया गया है.
एक सूत्र ने बताया कि हिमसागर, फाजली, लंगड़ा और लक्ष्मण भोग सहित चार किलोग्राम विभिन्न किस्मों के आमों को प्रधानमंत्री आवास 7, लोक कल्याण मार्ग, नई दिल्ली के पते पर एक सजावटी बक्सों में भेजा गया है. आम की ये पेटियां एक-दो दिनों में नई दिल्ली पहुंच जाएंगी.
सूत्र ने बताया कि पीएम मोदी के अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) डी वाई चंद्रचूड़ को भी बंगाल के सबसे अच्छी किस्म के आम भेजे गए हैं. पिछले साल ममता बनर्जी ने कांग्रेस नेता और यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आम भेजे थे.
सीएम बनर्जी और पीएम मोदी के बीच वर्षों से कड़वे-मधुर संबंध रहे हैं. 2019 में, पीएम मोदी ने खुलासा किया था कि दुर्गा पूजा के अवसर पर तृणमूल सुप्रीमो ने उन्हें कुर्ता-पायजामा और मिठाई भेजी थी. उन्होंने बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार से बातचीत में कहा था, ‘विपक्षी दलों में मेरे कई दोस्त हैं. आपको जानकर हैरानी होगी कि ममता दीदी अब भी हर साल मेरे लिए एक या दो कुर्ते खुद चुनती हैं.
(इनपुट एजेंसी से भी)
.
Tags: Draupadi murmu, Mamata banerjee, Narendra modi
FIRST PUBLISHED : June 08, 2023, 08:27 IST








