गावस्कर नाखुश, गांगुली नाराज, शास्त्री बोले- गलती भूलो आगे बढ़ो; WTC Final के पहले दिन कहां चूकी टीम इंडिया

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (WTC Final) के पहले दिन 327 रन का पहाड़ खड़ा कर दिया है. भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया के 3 विकेट झटक लिए हैं, लेकिन यह ऊंट के मुंह में जीरा लग रहा है. आखिर ऑस्ट्रेलिया ने 76 रन पर तीसरा विकेट गंवाकर भी इतना बड़ा स्कोर कैसे खड़ा कर लिया. भारत से कहां चूक हुई. यह चूक मैच के दौरान ही हुई या मैच से पहले ही प्लेइंग इलेवन चुनने में हो गई. आइए जानते हैं कि सुनील गावस्कर, सौरव गांगुली से लेकर रवि शास्त्री ने डब्ल्यूटीसी फाइनल के पहले दिन भारत के खेल पर क्या कहा.

सौरव गांगुली ने स्टार स्पोर्ट्स पर पोस्ट मैच सेशन में भारत की 2 स्ट्रेटजिक कमियां या भूल बताईं. उन्होंने कहा कि भारत 76 रन पर 3 विकेट गंवाकर अच्छी स्थिति में था. लेकिन यहीं पर गलती हो गई. भारत ने ट्रेविस हेड को शुरुआत में आसानी से रन बनाने दिए. उन पर वह दबाव नहीं बनाया जा सका, बाद में भारी पड़ा. गांगुली ने दूसरी गलती रविचंद्रन अश्विन को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने को माना.

पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के अध्यक्ष रह चुके सौरव गांगुली ने कहा कि देखिए एक चीज साफ है. जिस टीम में आर अश्विन, हरभजन सिंह या अनिल कुंबले जैसे स्पिनर हों उन्हें आप इग्नोर नहीं कर सकते. आपको गैंबल लेना होगा. जो गेंदबाज 470 से ज्यादा विकेट ले चुका है, उसके लिए टीम में जगह बनानी होगी.

ICC World Test Championship, WTC Final 2023, India vs Australia, IND vs AUS, IND vs AUS WTC Final 2023, R Ashwin, Ravichandran Ashwin,

आर अश्विन टेस्ट क्रिकेट में 474 विकेट ले चुके हैं. (PTI)

सौरव गांगुली ने कहा कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में अश्विन की जरूरत थी. खासकर यह देखते हुए कि ऑस्ट्रेलिया के टॉप ऑर्डर में 4 लेफ्टहैंडर बैटर हैं. अश्विन इन खब्बू बल्लेबाजों पर दबाव बना सकते थे.

रवि शास्त्री से जब इसी शो में अश्विन के प्लेइंग इलेवन में नहीं चुनने का सवाल किया गया तो उन्होंने कहा जो गलती हुई सो हुई. अब अश्विन को भूल जाओ. अब आगे बढ़ो. दूसरे दिन के खेल की प्लानिंग करो. अभी मैच में 4 दिन बाकी हैं. टेस्ट मैच वापसी का मौका देता है. बस कोशिश करनी होगी.

सुनील गावस्कर ने भी कॉमेंट्री के दौरान अश्विन को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा, ‘मैं अश्विन के प्लेइंग इलेवन में न होने से हैरान हूं. भारतीय टीम उनकी बदौलत ही यहां तक (फाइनल तक) पहुंची है. इस विकेट पर उमेश यादव के स्थान पर अश्विन को टीम में शामिल किया जा सकता था.’

पूर्व कोच लालचंद राजपूत ने भी एक दिन पहले जब प्लेइंग इलेवन चुनी तो उन्होंने इसमें दोनों स्पिनरों रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन को शामिल किया था. लेकिन जब प्लेइंग इलेवन से अश्विन का नाम नदारद हुआ तो लालचंद राजपूत ने कहा कि हो सकता है कि यह फैसला पिच को देखकर लिया गया हो. अक्सर इंग्लैंड में पिच और मौसम को देखकर एक एक्स्ट्रा तेज गेंदबाज शामिल कर लिया जाता है. डब्ल्यूटीसी फाइनल में भारत ने ऐसा ही किया है. लेकिन टीम इंडिया को सतर्क रहना होगा. अक्सर 4 तेज गेंदबाज होने से स्पिनर की कमी खल जाती है.

Tags: India vs Australia, R ashwin, Sourav Ganguly, Travis Head, WTC Final

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें