
शिवम सिंह/भागलपुर. प्रदेशभर में लगातार गर्मी बढ़ने के कारण जिले के उच्च अधिकारियों द्वारा सरकारी स्कूलों में गर्मी छुट्टी की घोषणा कर दी गई है. जिला शिक्षा विभाग ने इसको लेकर आदेश पारित किया है. वहीं भागलपुर जिले के इस्माइलपुर प्रखंड अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी स्कूलों को गर्मी की छुट्टी से वंचित रखा गया है. इससे इस भीषण गर्मी में बच्चों के साथ शिक्षकों को भी परेशानी हो रही है. इसको लेकर शिक्षकों ने आवदेन भी दिया है.
यह आदेश सालों से शिक्षा विभाग ने किया पारित
इसको लेकर जब news 18 लोकल की टीम इस्माइलपुर प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय लक्ष्मीपुर पहुंची तो वहां पर स्कूल में अलग ही नजारा दिखा. जहां एक तरफ गर्मी छुट्टी शुरू होने पर लोग अपने बच्चों के साथ नए-नए जगहों पर छुट्टी मनाने या नानी घर जाने को बच्चे उत्सुक होते हैं. वहीं दूसरी तरफ इस्माइलपुर प्रखंड के बच्चे भारी मन से इस झुलसा देने वाली गर्मी में स्कूलों में पढ़ाई कर रहे हैं.
इसको लेकर मध्य विद्यालय लक्ष्मीपुर के शिक्षक विनोद कुमार यादव ने बताया कि हमारे इस्माइलपुर प्रखंड के सभी प्राइमरी तथा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में गर्मी की छुट्टी नहीं होती है. हमारे स्कूलों में बाढ़ की छुट्टी होती है. इस पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने बताया कि यह आदेश कई सालों से शिक्षा विभाग के द्वारा पारित किया गया है.
2 साल से बाढ़ भी नहीं आ रही है, फिर भी व्यवस्था जारी
इसका मुख्य कारण है कि पूर्व में इस्माइलपुर प्रखंड में सड़क ना होने के कारण बरसात में शिक्षकों को स्कूल आने में काफी तकलीफों का सामना करना पड़ता था. जिला का बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र होने के कारण भी स्कूल बरसात के समय में डूब जाता था. लेकिन समय के साथ बहुत बदलाव हुआ. गांव में पक्की सड़कें बन गई. नल जल योजना भी स्कूल तक पहुंच चुकी है.
वहीं बाढ़ को रोकने के लिए रिंग बांध सरकार के द्वारा बनाया गया है. 2 साल से बाढ़ भी नहीं आ रही है, इसके बावजूद शिक्षा विभाग अपने पुराने सालों से चले आ रहे आदेश को निरस्त नहीं कर रहा है. पिछले वर्ष हमने अधिक गर्मी पड़ने पर स्कूलों में गर्मी छुट्टी की घोषणा भी कर दी थी, लेकिन 2 दिन के अंदर जिला शिक्षा पदाधिकारी के द्वारा लेटर जारी किया गया. उसके बाद हमें दोबारा से स्कूल खोलना पड़ा.
120 शिक्षकों व प्रधानाध्यापक ने मिलकर लिखी चिट्ठी
वहीं इस वर्ष लगातार बढ़ती गर्मी एवं तेज धूप के कारण हीटवेव से स्कूल आने में कई बच्चे सुबह के समय बेहोश भी हो जाते हैं. इसको देखते हुए मॉर्निंग स्कूल बच्चों की सेहत के लिए शुरू करवाया है. इस्माइलपुर प्रखंड अंतर्गत करीब 120 शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापक ने मिलकर जिला शिक्षा पदाधिकारी को एक आवेदन भी दिया होगा. इसके समर्थन में इस्माइलपुर जिला परिषद विपिन कुमार मंडल ने भी अपने लेटर पैड पर जिला शिक्षा विभाग को आवेदन दिया है.
इस नियम में नहीं होगा कोई बदलाव
इस्माइलपुर प्रखंड के गर्मी की छुट्टी ना मिलने पर ने DEO संजय सिंह ने बताया कि इस्माइलपुर प्रखंड में बरसात एवं बाढ़ की छुट्टी दी जाती है, गर्मी की छुट्टी नहीं. हालांकि बीते एक 2 सालों में बाढ़ नहीं आया है, लेकिन इस्माइलपुर प्रखंड बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र की गिनती में आता है. जिस वजह से कि वहां की छुट्टी में बदलाव नहीं हो सकता. वहां के शिक्षकों को बाढ़ की ही छुट्टी दी जाएगी. इस नियम में कोई बदलाव नहीं होगा.
.
Tags: Bhagalpur news, Bihar News in hindi
FIRST PUBLISHED : June 07, 2023, 21:49 IST








