
भुवनेश्वर. ओडिशा के जाजपुर रोड रेलवे स्टेशन पर बुधवार को एक मालगाड़ी से कटकर कम से कम चार मजदूरों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. मजदूरों ने भारी बारिश से बचने के लिए खड़ी हुई मालगाड़ी के नीचे शरण ली थी कि तभी अचानक बिना इंजन के मालगाड़ी चल पड़ी और मजदूरों को उसके नीचे से निकलने का मौका नहीं मिला.
रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा, “अचानक आंधी चली. मजदूर बगल की रेल लाइन पर काम कर रहे थे जहां एक मालगाड़ी खड़ी थी. उन्होंने इसके नीचे शरण ली, लेकिन दुर्भाग्य से मालगाड़ी जिसमें इंजन नहीं लगा था वह चलने लगी जिससे दुर्घटना हुई.” उन्होंने कहा, “इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए.” जाजपुर के स्थानीय लोगों ने हालांकि दावा किया कि दो और घायलों ने भी दम तोड़ दिया. यह घटना ओडिशा के बालासोर जिले में भीषण रेल हादसे के पांच दिन बाद हुई, जिसमें 288 लोगों की मौत हो गई थी.
.
Tags: Odisha, Odisha news
FIRST PUBLISHED : June 07, 2023, 19:58 IST








